स्मार्ट मीटर के विरोध में मतेहड़ पंचायत में ग्रामीणों का जोरदार प्रदर्शन
स्मार्ट मीटर के विरोध में मतेहड़ पंचायत में ग्रामीणों का जोरदार प्रदर्शन

Post by : Himachal Bureau

Jan. 27, 2026 3:54 p.m. 1746

जिला मंडी के लडभड़ोल क्षेत्र की ग्राम पंचायत मतेहड़ में बिजली के स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में मंगलवार को स्थानीय लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। पंचायत प्रधान प्रमोद चौहान के नेतृत्व में महिला मंडलों और ग्रामीणों ने सरकार एवं बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए नारेबाजी की और विशाल जुलूस निकाला। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे किसी भी सूरत में पंचायत में स्मार्ट मीटर स्वीकार नहीं करेंगे।

पंचायत प्रधान प्रमोद चौहान ने कहा कि स्मार्ट मीटरों को लेकर ग्रामीणों में भारी डर और भ्रम की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पुराने मीटर सही ढंग से काम कर रहे हैं, तो तीसरी बार मीटर बदलने की क्या जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरी व्यवस्था किसी निजी कंपनी को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जनता पर थोपी जा रही है।

उन्होंने आगे कहा कि ग्रामीण इलाकों में अधिकांश लोगों के पास साधारण मोबाइल फोन हैं। यदि किसी कारणवश रात के समय बिजली का बैलेंस खत्म हो जाता है, तो गरीब व्यक्ति तुरंत रिचार्ज कैसे कर पाएगा। उन्होंने सरकार से स्मार्ट मीटर योजना को तुरंत बंद करने की मांग की।

वहीं महिला मंडल लोअर जोल की प्रधान शशि कुमारी ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग ने बिना पंचायत को सूचित किए और बिना ग्रामीणों की सहमति के ट्रांसफार्मर व घरों में स्मार्ट मीटर लगा दिए, जो पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना या बैठक के इस तरह मीटर लगाना सरासर धोखाधड़ी है।

महिलाओं ने यह भी कहा कि कई बुजुर्गों के पास मोबाइल फोन तक नहीं हैं, ऐसे में वे रिचार्ज की तकनीक कैसे समझेंगे। उन्होंने आशंका जताई कि आज बिजली पर स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं और भविष्य में पानी पर भी ऐसा किया जा सकता है, जिससे गरीबों का जीवन और कठिन हो जाएगा।

ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि उन्हें सरकार की ओर से दी जाने वाली सब्सिडी या मुफ्त बिजली का कोई लालच नहीं है। वे नियमों के अनुसार बिजली बिल देने को तैयार हैं, लेकिन उन्हें पुरानी मीटर व्यवस्था ही वापस चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को अनसुना किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

#हिमाचल प्रदेश #ताज़ा खबरें #साहसिक खेल #मंडी
अनुच्छेद
प्रायोजित
ट्रेंडिंग खबरें
मोनिका ठाकुर ने CSIR NET JRF में हासिल की ऑल इंडिया 65वीं रैंक, सराज का नाम किया रोशन 1 सितंबर 1972 को कांगड़ा से अलग बना था हमीरपुर जिला, जानें इतिहास बिजली महादेव मंदिर में चला सफाई अभियान, 2 क्विंटल प्लास्टिक कचरा हटाया हिमाचल में बढ़े स्वाइन फ्लू के मामले, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज नेपाल में फंसे हिमाचलियों की जानकारी दें, प्रशासन ने जारी किए निर्देश मणिमहेश यात्रा के पहले दिन 253 श्रद्धालु हुए रवाना, 20 सितंबर तक चलेगी यात्रा हिमाचल में स्वाइन फ्लू की दस्तक, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज हथलौंण की बेटी शिल्पा सोनी का चयन, बंगाणा में बनेंगी रसायन प्रवक्ता