हमीरपुर में पोषण माह का आगाज, जागरूकता रैली से दिया स्वस्थ समाज का संदेश
हमीरपुर में पोषण माह का आगाज, जागरूकता रैली से दिया स्वस्थ समाज का संदेश

Author : Rajneesh Kapil Hamirpur

Sept. 9, 2026 4:29 p.m. 112

हमीरपुर। बच्चों, किशोरियों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को कुपोषण और एनीमिया जैसे रोगों से बचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे पोषण अभियान के तहत नौंवें पोषण माह का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर हमीरपुर में जागरूकता रैली निकाली गई। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने उपायुक्त कार्यालय परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में जिले के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य लोगों ने हिस्सा लिया।

गांधी चौक और मुख्य बाजार से होकर गुजरी रैली

उपायुक्त कार्यालय परिसर से शुरू हुई जागरूकता रैली गांधी चौक और मुख्य बाजार से होकर गुजरी और मुख्य डाकघर चौक पर जाकर समाप्त हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने लोगों को बेहतर पोषण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।

‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ है इस वर्ष की थीम

इस अवसर पर उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि वर्ष 2018 से सितंबर महीने को पोषण माह के रूप में मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं, बच्चों और किशोरों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 9 सितंबर से 8 अक्तूबर तक नौंवा पोषण माह मनाया जा रहा है, जिसकी मुख्य थीम ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है। उपायुक्त ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों, किशोरियों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के सही पोषण के साथ-साथ प्रारंभिक शिक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसी वजह से इस वर्ष पोषण माह को आंगनवाड़ी केंद्रों पर केंद्रित किया गया है।

रागी पाउडर के वितरण के मिल रहे अच्छे परिणाम

उपायुक्त ने बताया कि जिले में आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों के बेहतर पोषण को सुनिश्चित करने के लिए भोरंज ब्लॉक में पायलट प्रोजेक्ट के तहत पौष्टिक गुणों से भरपूर रागी पाउडर का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस पहल के अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं और बच्चों के पोषण को बेहतर बनाने की दिशा में यह प्रयास महत्वपूर्ण है।

Read Also: मणिमहेश यात्रा में दो मौतों से चिंता, एक श्रद्धालु की हार्ट अटैक से गई जान

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से जागरूकता बढ़ाने की अपील

गंधर्वा राठौड़ ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों, फील्ड कर्मचारियों और विशेष रूप से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से आम लोगों को पोषण के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पोषण संबंधी जागरूकता को घर-घर तक पहुंचाने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। सामूहिक प्रयासों से कुपोषण और एनीमिया जैसी समस्याओं से निपटने में मदद मिल सकती है।

अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार, जिला बाल संरक्षण अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान सहित विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

#हिमाचल प्रदेश #ब्रेकिंग न्यूज़ #ताज़ा खबरें #हमीरपुर
अनुच्छेद
प्रायोजित
ट्रेंडिंग खबरें
1 सितंबर 1972 को कांगड़ा से अलग बना था हमीरपुर जिला, जानें इतिहास बिजली महादेव मंदिर में चला सफाई अभियान, 2 क्विंटल प्लास्टिक कचरा हटाया हिमाचल में बढ़े स्वाइन फ्लू के मामले, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज नेपाल में फंसे हिमाचलियों की जानकारी दें, प्रशासन ने जारी किए निर्देश मणिमहेश यात्रा के पहले दिन 253 श्रद्धालु हुए रवाना, 20 सितंबर तक चलेगी यात्रा हिमाचल में स्वाइन फ्लू की दस्तक, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज हथलौंण की बेटी शिल्पा सोनी का चयन, बंगाणा में बनेंगी रसायन प्रवक्ता हिमाचल में 4.0 तीव्रता का भूकंप, शिमला समेत 5 जिलों में झटके