एचआरटीसी बस बनी लेबर रूम, नाहन जाते समय महिला ने बस में दिया बच्ची को जन्म
एचआरटीसी  बस बनी लेबर रूम, नाहन जाते समय महिला ने बस में दिया बच्ची को जन्म

Post by : Himachal Bureau

March 14, 2026 3:41 p.m. 115

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से एक बेहद भावुक और राहत भरी खबर सामने आई है, जहाँ शुक्रवार देर शाम हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक चलती बस में एक गर्भवती महिला ने स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। संभवतः निगम के इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी बस के भीतर प्रसव हुआ हो। वर्तमान में जच्चा और बच्चा दोनों को नाहन मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है, जहाँ दोनों का स्वास्थ्य पूरी तरह ठीक बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, कुंहट-हरिपुरधार-रेणुकाजी-नाहन रूट पर चलने वाली एचआरटीसी की बस शुक्रवार शाम को अपने निर्धारित समय पर ददाहू से नाहन की ओर रवाना हुई थी। बस में एक गर्भवती महिला भी सवार थी, जो सावधानी के तौर पर प्रसव के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन जा रही थी। हालाँकि, बस के बनोग के समीप पहुँचने पर महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बस में सवार अन्य यात्रियों और चालक-परिचालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाई। शाम करीब सवा आठ बजे बस के भीतर ही महिला का प्रसव हुआ और उसने एक नन्हीं परी को जन्म दिया।

समय से पहले हुआ प्रसव बताया जा रहा है कि महिला का प्रसव समय से थोड़ा पहले हुआ है। सूत्रों के अनुसार, प्रसव के लिए डॉक्टर द्वारा दिया गया समय अभी कुछ दिन दूर था, लेकिन एहतियात के तौर पर महिला पहले ही अस्पताल में भर्ती होने के लिए घर से निकली थी। अचानक शुरू हुई प्रसव पीड़ा के बाद, जच्चा और बच्चे को तुरंत बनोग के पास 108 एंबुलेंस में शिफ्ट किया गया और मेडिकल कॉलेज नाहन पहुँचाया गया। मेडिकल कॉलेज के गायनी विभाग के एचओडी डॉ. अमोद सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि बच्ची का जन्म बस में हुआ है और अस्पताल पहुँचने के बाद दोनों को आवश्यक उपचार दिया गया है। फिलहाल दोनों की स्थिति स्थिर है।

इस घटना के बाद बस में मौजूद सवारियों ने जहाँ एक ओर बच्ची के जन्म पर खुशी जताई, वहीं कुछ यात्रियों का यह भी कहना था कि गर्भावस्था के अंतिम चरणों में यात्रा के दौरान सावधानी बरतनी चाहिए और संभव हो तो पिछली सीट पर बैठने से परहेज करना चाहिए। यह महिला का दूसरा बच्चा है। एचआरटीसी बस में हुआ यह प्रसव क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग बस स्टाफ की सहायता की भी सराहना कर रहे हैं।

#हिमाचल प्रदेश #ब्रेकिंग न्यूज़ #ताज़ा खबरें #सिरमौर
अनुच्छेद
प्रायोजित
ट्रेंडिंग खबरें
भारतीय क्रिकेटर अभिषेक शर्मा ने टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद वैष्णो देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की सैंज वैली में पानी की गंभीर कमी, स्थानीय निवासियों ने उपायुक्त कुल्लू को सौंपा ज्ञापन एचआरटीसी  बस बनी लेबर रूम, नाहन जाते समय महिला ने बस में दिया बच्ची को जन्म पालमपुर में पांच दिवसीय मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण शिविर का सफल समापन तीर्थंन घाटी में किसानों के लिए मधुमक्खी पालन और जड़ी-बूटी खेती पर विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला हिमाचल में रसोई गैस संकट, घरेलू आपूर्ति सुरक्षित, व्यावसायिक सिलिंडरों पर लगी रोक कुटलैहड़ दौरे पर आएंगे मुख्यमंत्री सुक्खू, विकास कार्यों की शुरुआत विश्व स्वास्थ्य दिवस पर धर्मशाला में रेडक्रॉस मेले का आयोजन, कई प्रतियोगिताएं होंगी