सिरमौर में 5 साल की बच्ची लापता, नाले किनारे मिले जूते
सिरमौर में 5 साल की बच्ची लापता, नाले किनारे मिले जूते

Post by : Himachal Bureau

Sept. 8, 2026 1:48 p.m. 116

नाहन: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक 5 वर्षीय मासूम बच्ची के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया है। संगड़ाह उपमंडल के तहत ग्राम पंचायत लानाचेता के घेवना गांव से बच्ची रविवार शाम से लापता बताई जा रही है। बच्ची की तलाश में पुलिस और ग्रामीणों ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। लापता बच्ची की पहचान आर्या, पुत्री विपिन कुमार, के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक रविवार शाम करीब 4 बजे आर्या घर के आंगन के पास खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक वहां से गायब हो गई।

खेलते-खेलते अचानक हुई लापता

परिजनों ने बताया कि कुछ समय बाद जब बच्ची दिखाई नहीं दी तो उन्होंने घर और आसपास के इलाके में उसकी तलाश शुरू की। परिवार के लोगों ने आसपास के रास्तों और संभावित स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद ग्रामीणों को भी इसकी जानकारी दी गई। रविवार देर रात तक ग्रामीणों ने जंगल और आसपास के क्षेत्रों में बच्ची को तलाशा, लेकिन सफलता नहीं मिली।

नाले किनारे मिले बच्ची के जूते

सोमवार सुबह पुलिस को बच्ची के लापता होने की सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही संगड़ाह पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान घर से कुछ दूरी पर बहने वाले एक नाले के किनारे बच्ची के जूते बरामद हुए। जूते मिलने के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने नाले के आसपास के क्षेत्र पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए खोजबीन तेज कर दी है। नाले के आसपास के रास्तों, जंगल और अन्य संभावित स्थानों को खंगाला जा रहा है। पुलिस टीम बच्ची की तलाश में हर संभावित दिशा में जांच कर रही है।

पुलिस और ग्रामीण मिलकर चला रहे सर्च ऑपरेशन

संगड़ाह के डीएसपी मंगतराम ने बच्ची के लापता होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बच्ची की तलाश लगातार जारी है और पुलिस टीम ग्रामीणों के सहयोग से संभावित स्थानों पर सघन खोजबीन कर रही है। बच्ची के जूते नाले के पास मिलने के बाद उस क्षेत्र में तलाशी अभियान को और तेज किया गया है। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Read Also: कुल्लू में 30 लाख के सेब लेकर व्यापारी फरार, आढ़तियों में मचा हड़कंप

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

5 वर्षीय बच्ची के अचानक गायब होने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना की जानकारी फैलने के बाद आसपास के गांवों में भी चिंता का माहौल है। ग्रामीण बड़ी संख्या में बच्ची की तलाश में जुटे हुए हैं। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को बच्ची के संबंध में कोई जानकारी मिलती है या वह कहीं दिखाई देती है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।

#हिमाचल प्रदेश #ब्रेकिंग न्यूज़ #ताज़ा खबरें #सिरमौर
अनुच्छेद
प्रायोजित
ट्रेंडिंग खबरें
1 सितंबर 1972 को कांगड़ा से अलग बना था हमीरपुर जिला, जानें इतिहास बिजली महादेव मंदिर में चला सफाई अभियान, 2 क्विंटल प्लास्टिक कचरा हटाया हिमाचल में बढ़े स्वाइन फ्लू के मामले, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज नेपाल में फंसे हिमाचलियों की जानकारी दें, प्रशासन ने जारी किए निर्देश मणिमहेश यात्रा के पहले दिन 253 श्रद्धालु हुए रवाना, 20 सितंबर तक चलेगी यात्रा हिमाचल में स्वाइन फ्लू की दस्तक, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज हथलौंण की बेटी शिल्पा सोनी का चयन, बंगाणा में बनेंगी रसायन प्रवक्ता हिमाचल में 4.0 तीव्रता का भूकंप, शिमला समेत 5 जिलों में झटके