सराज में बर्फ के बीच ग्रामीणों ने बुजुर्ग को कंधों पर अस्पताल पहुंचाया
सराज में बर्फ के बीच ग्रामीणों ने बुजुर्ग को कंधों पर अस्पताल पहुंचाया

Post by : Himachal Bureau

Feb. 6, 2026 11:16 a.m. 2602

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सराज क्षेत्र में भारी बर्फबारी के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। प्राकृतिक आपदा के बीच सरकारी व्यवस्था ठप होने पर ग्रामीणों ने मानवता और एकजुटता की मिसाल पेश करते हुए एक बीमार बुजुर्ग को कंधों पर उठाकर अस्पताल पहुंचाया।

ग्राम पंचायत घाट के छलाई गांव में रहने वाले शिव लाल पिछले दो दिनों से गंभीर रूप से बीमार थे। गांव चारों ओर से बर्फ से ढका हुआ था, जिससे एंबुलेंस या अन्य वाहन वहां तक नहीं पहुंच पाए। ऐसी स्थिति में गांव के युवाओं और स्थानीय लोगों ने लकड़ी और कपड़े की मदद से पालकी तैयार की और बुजुर्ग को उसमें लिटाकर गाड़ागुशैणी अस्पताल के लिए रवाना हुए।

ग्रामीणों ने करीब 15 किलोमीटर का कठिन सफर तय किया। यह रास्ता बेहद खतरनाक था, जहां फिसलन और गहरी खाइयों का खतरा लगातार बना हुआ था। कड़ाके की ठंड के बीच ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालते हुए लगभग चार से पांच घंटे तक बुजुर्ग को कंधों पर उठाकर अस्पताल पहुंचाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सराज क्षेत्र में लोग इस समय दोहरी समस्या झेल रहे हैं। एक ओर भारी बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित है, वहीं लोक निर्माण विभाग की धीमी कार्यप्रणाली से सड़कें समय पर साफ नहीं हो पा रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 10 दिनों में विभाग केवल तीन किलोमीटर सड़क ही साफ कर पाया है।

घाट-गाड़ागुशैणी मुख्य मार्ग का बड़ा हिस्सा अभी भी बर्फ से ढका हुआ है। सड़कें बंद होने के कारण मरीजों के अलावा टैक्सी चालकों और रोजाना मजदूरी करने वाले लोगों की आजीविका भी प्रभावित हो रही है।

वहीं प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में राहत कार्य युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। बालीचौकी के एसडीएम बेचित्तर ठाकुर के अनुसार लगभग 12 किलोमीटर क्षेत्र भारी बर्फबारी से प्रभावित हुआ है, जिसमें से पांच किलोमीटर सड़क से बर्फ हटाई जा चुकी है। शेष सात किलोमीटर मार्ग को खोलने के लिए मशीनें तैनात की गई हैं और अगले 48 घंटों में यातायात बहाल करने का लक्ष्य रखा गया है।

#हिमाचल प्रदेश #ब्रेकिंग न्यूज़ #ताज़ा खबरें #जीवन संस्कृति #भारत समाचार #मंडी
अनुच्छेद
प्रायोजित
ट्रेंडिंग खबरें
मोनिका ठाकुर ने CSIR NET JRF में हासिल की ऑल इंडिया 65वीं रैंक, सराज का नाम किया रोशन 1 सितंबर 1972 को कांगड़ा से अलग बना था हमीरपुर जिला, जानें इतिहास बिजली महादेव मंदिर में चला सफाई अभियान, 2 क्विंटल प्लास्टिक कचरा हटाया हिमाचल में बढ़े स्वाइन फ्लू के मामले, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज नेपाल में फंसे हिमाचलियों की जानकारी दें, प्रशासन ने जारी किए निर्देश मणिमहेश यात्रा के पहले दिन 253 श्रद्धालु हुए रवाना, 20 सितंबर तक चलेगी यात्रा हिमाचल में स्वाइन फ्लू की दस्तक, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज हथलौंण की बेटी शिल्पा सोनी का चयन, बंगाणा में बनेंगी रसायन प्रवक्ता