हमीरपुर में डीसी का दौरा, लाइब्रेरी और स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्थाएं जांचीं
हमीरपुर में डीसी का दौरा, लाइब्रेरी और स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्थाएं जांचीं

Author : Rajneesh Kapil Hamirpur

May 15, 2026 5:42 p.m. 753

हमीरपुर जिला मुख्यालय में शुक्रवार दोपहर बाद उस समय प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गईं जब उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने विभिन्न महत्वपूर्ण संस्थानों और बाजार क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का उद्देश्य जिले में चल रही सार्वजनिक सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक संस्थानों की व्यवस्थाओं का जायजा लेना और उन्हें और अधिक बेहतर बनाना था। इस दौरान उनके साथ अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक गर्ग भी मौजूद रहे।

निरीक्षण की शुरुआत उपायुक्त ने जिला पुस्तकालय से की, जहां उन्होंने युवाओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का विस्तार से अवलोकन किया। उन्होंने पुस्तकालय में पढ़ाई कर रहे छात्रों से सीधे संवाद किया और उनकी आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए बेहतर अध्ययन वातावरण और अतिरिक्त सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। इस दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने पुस्तकालय की वर्तमान व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी।

इसके बाद उपायुक्त पैदल ही मुख्य बाजार से होते हुए जिला आयुर्वेदिक अस्पताल पहुंचे। तेज धूप के बावजूद उन्होंने बाजार क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था और पार्किंग की संभावनाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ चर्चा करते हुए कहा कि पुराने भवनों और खाली स्थानों का बेहतर उपयोग कर पार्किंग व्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है, जिससे शहर में यातायात दबाव कम होगा।

इसके बाद उन्होंने मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में संचालित जिला रैडक्रॉस सोसाइटी की लैब का निरीक्षण किया। यहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और परीक्षण सेवाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लैब में किए जाने वाले परीक्षणों की सूची और उनकी दरें स्पष्ट रूप से प्रवेश द्वार पर प्रदर्शित की जाएं, ताकि आम लोगों को पूरी जानकारी मिल सके। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि लैब की सेवाओं का विस्तार कर इसकी आय बढ़ाई जाए और अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिले।

निरीक्षण के दौरान मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. देशराज शर्मा, अतिरिक्त निदेशक अवनिंदर सिंह और अन्य चिकित्सा अधिकारी भी मौजूद रहे। रैडक्रॉस सोसाइटी के सचिव लवकेश शर्मा ने उपायुक्त को सभी व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उपायुक्त ने मेडिकल कॉलेज परिसर में रैडक्रॉस एंबुलेंस के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने के निर्देश भी दिए।

इसके बाद उपायुक्त ने गौतम ग्रुप ऑफ कॉलेजिज के पास स्थित नशा निवारण केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने उपचाराधीन लोगों से बातचीत की और उनके उपचार की स्थिति के बारे में जानकारी ली। इस दौरान कार्यकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय अत्री और केंद्र संचालकों ने उपायुक्त को केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और उपचार प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। प्रशासन ने इस पूरे निरीक्षण को जिले की व्यवस्था सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

#हिमाचल प्रदेश #ब्रेकिंग न्यूज़ #ताज़ा खबरें #भारत समाचार #भारतीय खबरें #हमीरपुर
अनुच्छेद
प्रायोजित
ट्रेंडिंग खबरें
लगातार छठे दिन बंद रही माता वैष्णो देवी यात्रा, श्रद्धालुओं का इंतजार जारी हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, किन्नर कैलाश यात्रा जारी रखने के आदेश 26 जुलाई से शुरू होगा अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला, राज्यपाल करेंगे शुभारंभ हमीरपुर के समर्थ अत्री का एशियन आइस स्केटिंग ट्रॉफी में चयन दादा से पोती तक कायम रही निशानेबाजी की विरासत, प्रदेश का बढ़ाया मान पूर्व गृह मंत्रालय अधिकारी का बड़ा दावा, पाक क्रिकेट टीम पर लगे गंभीर आरोप राम मंदिर चढ़ावा मामले में आज आएगी SIT की फाइनल रिपोर्ट, हो सकते हैं बड़े खुलासे 15 जुलाई को जारी हुए पेट्रोल-डीजल के नए दाम, भरवाने से पहले देखें रेट