फर्जी लिंक पर क्लिक करते ही महिला से ₹6.45 लाख की साइबर ठगी
फर्जी लिंक पर क्लिक करते ही महिला से ₹6.45 लाख की साइबर ठगी

Post by : Himachal Bureau

Feb. 6, 2026 3:10 p.m. 128

धर्मशाला में ऑनलाइन ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां साइबर अपराधियों ने सिम क्लोनिंग और कॉल फॉरवर्डिंग तकनीक का इस्तेमाल कर एक महिला के बैंक खातों से 6 लाख 45 हजार रुपए उड़ा लिए। ठगी की यह वारदात फर्जी पीएम आवास योजना के लिंक के जरिए अंजाम दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित महिला निशा सूद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें पीएम आवास योजना से संबंधित एक लिंक मिला था। जैसे ही उन्होंने उस लिंक पर क्लिक किया, उनके मोबाइल का नेटवर्क पूरी तरह से बंद हो गया। बाद में पता चला कि साइबर ठगों ने उनके मोबाइल सिम को क्लोन कर लिया था, जिससे उनके नंबर का पूरा नियंत्रण अपराधियों के पास चला गया।

इसके बाद आरोपियों ने महिला के मोबाइल नंबर पर आने वाली सभी कॉल्स को एक अन्य नंबर पर फॉरवर्ड कर दिया। इस कारण बैंक से आने वाले ओटीपी और ट्रांजेक्शन अलर्ट सीधे ठगों के पास पहुंचने लगे। इस दौरान ठगों ने एक राष्ट्रीयकृत बैंक खाते से 2 लाख 40 हजार रुपए और निजी बैंक खाते से 4 लाख 4 हजार 996 रुपए निकाल लिए।

जब महिला को नेटवर्क गायब होने और सिम में गड़बड़ी का पता चला, तब तक उनके खातों से कुल 6 लाख 44 हजार 996 रुपए निकाले जा चुके थे। पीड़िता ने मामले में बैंक स्टाफ पर भी लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उन्होंने पुलिस को 21 पन्नों के दस्तावेजी सबूत भी सौंपे हैं।

कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न ने बताया कि साइबर अपराधी सिम क्लोनिंग और कॉल फॉरवर्डिंग जैसे तरीकों का इस्तेमाल कर लोगों को निशाना बना रहे हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस और साइबर सेल की मदद से संबंधित बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें।

#हिमाचल प्रदेश #ब्रेकिंग न्यूज़ #ताज़ा खबरें #भारत समाचार #भारतीय खबरें #धर्मशाला
अनुच्छेद
प्रायोजित
ट्रेंडिंग खबरें
हिमाचल बोर्ड ने 8वीं और 10वीं कक्षा परीक्षा 2026 का पूरा शेड्यूल घोषित किया सोने-चांदी के दाम में गिरावट, निवेशकों में बढ़ी सतर्कता धूम्रपान से बढ़ता कैंसर खतरा, छात्राओं ने किया जागरूक फर्जी लिंक पर क्लिक करते ही महिला से ₹6.45 लाख की साइबर ठगी डलहौजी में बर्फबारी के बाद पुलिस ने सुरक्षा इंतजाम परखी स्थिति कसौली हत्याकांड का खुलासा पति ने रची पत्नी की हत्या की साजिश सोलंगनाला में स्की और स्नो बोर्ड चैंपियनशिप का आगाज एनएच-707 चौड़ीकरण में गड़बड़ी के आरोप, बिना अनुमति रोड कटिंग