ऊना का इंडोर स्टेडियम युवाओं के लिए बन रहा किफायती खेल केंद्र
ऊना का इंडोर स्टेडियम युवाओं के लिए बन रहा किफायती खेल केंद्र

Author : Rajneesh Kapil Hamirpur

May 8, 2026 5:33 p.m. 1415

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में स्थित इंडोर स्टेडियम युवाओं के लिए बेहतर और किफायती खेल सुविधाओं का बड़ा केंद्र बनकर उभर रहा है। यहां कम शुल्क पर आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिससे बड़ी संख्या में खिलाड़ी, विद्यार्थी और फिटनेस के प्रति जागरूक युवा लाभ उठा रहे हैं।

जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग द्वारा संचालित इस इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट और जिम जैसी सुविधाएं बेहद रियायती दरों पर उपलब्ध हैं। यही कारण है कि युवाओं का रुझान लगातार इस खेल केंद्र की ओर बढ़ रहा है। खेल गतिविधियों के साथ-साथ फिटनेस को लेकर जागरूक लोग भी यहां नियमित रूप से पहुंच रहे हैं।

जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग के अधिकारी प्रिंस पठानिया ने बताया कि इंडोर स्टेडियम में बच्चों के लिए बैडमिंटन कोर्ट सुविधा का मासिक शुल्क मात्र 300 रुपये रखा गया है, जबकि अन्य वर्गों के लिए यह शुल्क 600 रुपये निर्धारित किया गया है। इसी तरह जिम सुविधा के लिए बच्चों से 500 रुपये और अन्य वर्गों से 1000 रुपये प्रति माह लिए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि निजी संस्थानों में इसी तरह की सुविधाओं के लिए लोगों को कहीं अधिक राशि खर्च करनी पड़ती है। निजी जिम और बैडमिंटन कोर्ट में सामान्य तौर पर हजारों रुपये मासिक शुल्क लिया जाता है। ऐसे में ऊना का इंडोर स्टेडियम युवाओं को कम खर्च में अच्छी सुविधाएं उपलब्ध करवा रहा है। प्रिंस पठानिया ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य युवाओं को खेलों और फिटनेस गतिविधियों से जोड़ना है। इसके लिए खेल अधोसंरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक युवा खेलों में भाग ले सकें।

उपायुक्त जतिन लाल ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन युवाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर और सुलभ खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवा वर्ग को नशे और अन्य नकारात्मक गतिविधियों से दूर रखने के लिए खेल संस्कृति को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से जिले में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है और आधुनिक उपकरणों से लैस केंद्र तैयार किए जा रहे हैं।

स्थानीय युवाओं ने भी इंडोर स्टेडियम की सुविधाओं की सराहना की है। उनका कहना है कि कम शुल्क में बेहतर सुविधाएं मिलने से उन्हें काफी लाभ मिल रहा है और अब उन्हें निजी संस्थानों पर अधिक पैसा खर्च नहीं करना पड़ रहा। खेल प्रेमियों का मानना है कि यदि इसी तरह खेल सुविधाओं को बढ़ावा मिलता रहा तो आने वाले समय में ऊना जिले के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।

#हिमाचल प्रदेश #खेल समाचार #ताज़ा खबरें #भारत समाचार #भारतीय खबरें #ऊना
अनुच्छेद
प्रायोजित
ट्रेंडिंग खबरें
1 सितंबर 1972 को कांगड़ा से अलग बना था हमीरपुर जिला, जानें इतिहास बिजली महादेव मंदिर में चला सफाई अभियान, 2 क्विंटल प्लास्टिक कचरा हटाया हिमाचल में बढ़े स्वाइन फ्लू के मामले, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज नेपाल में फंसे हिमाचलियों की जानकारी दें, प्रशासन ने जारी किए निर्देश मणिमहेश यात्रा के पहले दिन 253 श्रद्धालु हुए रवाना, 20 सितंबर तक चलेगी यात्रा हिमाचल में स्वाइन फ्लू की दस्तक, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज हथलौंण की बेटी शिल्पा सोनी का चयन, बंगाणा में बनेंगी रसायन प्रवक्ता हिमाचल में 4.0 तीव्रता का भूकंप, शिमला समेत 5 जिलों में झटके