अम्ब में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई,₹3 लाख की अवैध खैर लकड़ी जब्त
अम्ब में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई,₹3 लाख की अवैध खैर लकड़ी जब्त

Post by : Himachal Bureau

March 16, 2026 1:03 p.m. 112

जिला ऊना के उपमंडल अम्ब में वन माफिया की बढ़ती सक्रियता के बीच पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सरकारी वन भूमि से बेशकीमती खैर की लकड़ी की अवैध कटाई, चोरी और तस्करी करने वाले सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए प्रशासन ने करीब 3 लाख रुपये मूल्य की खैर की लकड़ी जब्त की है। यह पूरी कार्रवाई वन विभाग की सतर्कता और गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार देर शाम लडोली क्षेत्र में की गई।

इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता  और भारतीय वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तस्करों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।घटना के विस्तृत विवरण के अनुसार, वन परिक्षेत्र अम्ब के अधीन बीट ठठल में तैनात वन रक्षक पूनम ढिल्लों जब अन्य कर्मियों के साथ नियमित गश्त पर थीं, तब उन्हें लडोली क्षेत्र में एक संदिग्ध पिकअप ट्राला खड़ा दिखाई दिया। जांच करने पर पता चला कि वाहन खैर की लकड़ी से पूरी तरह लदा हुआ था।

संदेह होने पर जब टीम ने पास ही स्थित एक श्रमिक शैड की तलाशी ली, तो वहां भारी मात्रा में खैर की लकड़ी का अवैध स्टॉक बरामद हुआ। जांच में यह सनसनीखेज तथ्य भी सामने आया है कि जिस शैड में यह लकड़ी डंप की गई थी, वह पंजोआ निवासी एक महिला के नियंत्रण में है। वन विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, इस क्षेत्र में खैर के पेड़ों की कटाई के लिए कोई भी परमिट जारी नहीं किया गया था, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि यह लकड़ी सरकारी जंगल से चोरी कर यहाँ एकत्रित की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने पुष्टि की है कि पुलिस ने अवैध लकड़ी और तस्करी में प्रयुक्त वाहन को कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि इस अवैध कटान के पीछे कौन सा बड़ा गिरोह सक्रिय है। गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से अम्ब और भरवाईं के आरक्षित जंगल वन माफियाओं के निशाने पर हैं।

इससे पहले भी ज्वार बीट और अम्ब टिल्ला के जंगलों में रात के अंधेरे में अवैध कटान के कई मामले सामने आ चुके हैं। वन रेंज अधिकारी राहुल ठाकुर ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि विभाग ने जंगलों में गश्त और निगरानी बढ़ा दी है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि वन संपदा को नुकसान पहुँचाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

#हिमाचल प्रदेश #ब्रेकिंग न्यूज़ #ताज़ा खबरें #ऊना
अनुच्छेद
प्रायोजित
ट्रेंडिंग खबरें
मुख्य न्यायाधीश ने मुख्यमंत्री की उपस्थिति में मंडी में नए न्यायालय भवन की शुरुआत की जंगलरोपा में पूर्व सैनिकों और वीर नारियों का सम्मान समारोह आयोजित हिमाचल में सौर ऊर्जा से बढ़ी आय, नवीकरणीय स्रोतों से मिले 1,004 करोड़ घुमारवीं में चिट्टा नशे के खिलाफ लोगों को किया गया जागरूक, दिलाई शपथ भारतीय क्रिकेटर अभिषेक शर्मा ने टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद वैष्णो देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की सैंज वैली में पानी की गंभीर कमी, स्थानीय निवासियों ने उपायुक्त कुल्लू को सौंपा ज्ञापन एचआरटीसी  बस बनी लेबर रूम, नाहन जाते समय महिला ने बस में दिया बच्ची को जन्म पालमपुर में पांच दिवसीय मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण शिविर का सफल समापन