मंडी में खाद्य सुरक्षा अभियान: त्योहारों से पहले मिठाई और खाद्य पदार्थों की सख्त जांच
मंडी में खाद्य सुरक्षा अभियान: त्योहारों से पहले मिठाई और खाद्य पदार्थों की सख्त जांच

Author : Rajneesh Kapil Hamirpur

Feb. 28, 2026 5:49 p.m. 129

हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग, मंडी द्वारा आम जनता को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फरवरी माह के दौरान जिले भर में व्यापक खाद्य सुरक्षा अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत विभाग ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया तथा सैंपलिंग के माध्यम से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के प्रयास किए।

सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) एल.डी. ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी होली पर्व को ध्यान में रखते हुए विभाग ने मिठाई की दुकानों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण और भी अधिक सघन कर दिया है। उनका कहना है कि यह सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है कि त्योहारों के दौरान जनता के हाथों में केवल सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री पहुंचे।

उन्होंने बताया कि फरवरी माह के दौरान कुल 20 नमूने जांच के लिए लिए गए। इनमें से दो नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। एक नमूना रिफाइंड सोयाबीन ऑयल का मिसब्रांडेड और घटिया गुणवत्ता वाला पाया गया, जबकि एक गुड़ का नमूना भी घटिया गुणवत्ता का रहा। दोनों मामलों में संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किया गया है। इसके अतिरिक्त, पनीर के दो नमूनों का विश्लेषण रेफरल फूड प्रयोगशाला द्वारा किया गया, जिनमें भी सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया और आगामी कार्रवाई की जा रही है।

सहायक आयुक्त ने बताया कि विभाग आम जनता और खाद्य व्यवसाय संचालकों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक भी कर रहा है। इसी कड़ी में आज डडौर में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 50 खाद्य व्यवसाय संचालकों ने भाग लिया। शिविर के दौरान सूचना, शिक्षा और संचार सामग्री वितरित की गई और संचालकों की शंकाओं का मौके पर समाधान किया गया। इसके उपरांत स्थानीय खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण भी किया गया।

इस निरीक्षण के दौरान एक व्यवसायी बिना FSSAI लाइसेंस के संचालित पाया गया और अनुसूची-4 के प्रावधानों का उल्लंघन करने पर मौके पर चालान जारी किया गया। इसके अलावा लगभग 21 दुकानों में टेस्टो मीटर से प्रयुक्त खाद्य तेल की गुणवत्ता की जाँच की गई, जिसमें कुल ध्रुवीय यौगिक 25% से कम पाए गए, जो अनुमेय सीमा के भीतर हैं।

सहायक आयुक्त एल.डी. ठाकुर ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे कम कृत्रिम रंग वाली मिठाइयों और सुरक्षित खाद्य पदार्थों की खरीद करें। उन्होंने कहा कि त्यौहारों के दौरान अखबारी कागज पर रखी गई मिठाइयों या अन्य खाद्य पदार्थों का सेवन न करें। खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें और खुले व असुरक्षित खाद्य पदार्थों से बचें।

खाद्य सुरक्षा संबंधी किसी भी शिकायत या जानकारी के लिए उपभोक्ता जिला सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा), मंडी के कार्यालय से दूरभाष संख्या 01905-222077 पर संपर्क कर सकते हैं अथवा ईमेल acfoodsafetymandi@gmail.com पर अपनी शिकायत भेज सकते हैं। इस अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा विभाग का उद्देश्य जिले के सभी नागरिकों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है, जिससे त्योहारों में किसी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या उत्पन्न न हो और जनता का विश्वास खाद्य सुरक्षा प्रणाली में बना रहे।

#हिमाचल प्रदेश #ताज़ा खबरें #भारत समाचार #भारतीय खबरें #मंडी
अनुच्छेद
प्रायोजित
ट्रेंडिंग खबरें
डॉ. बिंदल बोले कांग्रेस सरकार के 40 माह में जनता प्रभावित टाइगर्स कप क्रिकेट 2026 देवनगर ने श्याम नगर को हराया मैच भरवाईं चिंतपूर्णी मंदिर के लिए 12.25 करोड़ की जल योजना हिमाचल बिजली दरों में बढ़ोतरी प्रस्तावित 10-25 पैसे प्रति यूनिट नूरपुर में बच्ची के अपहरण का प्रयास तीन आरोपी गिरफ्तार बिलासपुर वन विभाग ने अवैध खैर तस्करी रोकते हुए वाहन जब्त किया हिमाचल हाईकोर्ट ने मनमाने तबादले पर लगाया रोक ननखड़ी में सेवाएं जारी स्वच्छता और डिजिटल सुविधा साथ-साथ घर-घर चल रहा पंजीकरण अभियान