एनएसएस बंजार ने समाज सेवा के लिए शुरू किए स्वास्थ्य, ट्रैफिक और पशु कल्याण अभियान
एनएसएस बंजार ने समाज सेवा के लिए शुरू किए स्वास्थ्य, ट्रैफिक और पशु कल्याण अभियान

Author : Prem Sagar

Feb. 4, 2026 10:32 a.m. 156

राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय बंजार द्वारा बंजार क्षेत्र में तीन महत्वपूर्ण और व्यावहारिक सामाजिक पहलें शुरू की गई हैं। इन पहलों का उद्देश्य क्षेत्र को स्वच्छ, संवेदनशील, सामुदायिक सद्भाव और मानवीय मूल्यों से जोड़ना है। यह प्रयास समाज की वास्तविक जरूरतों को समझते हुए उन्हें जमीनी स्तर पर पूरा करने की दिशा में एक सार्थक कदम है।

प्रथम प्रयास ‘सोंगी’ के तहत परियोजना सारथी (Sarathi Project) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंजार में आरंभ किया गया है। इस परियोजना के अंतर्गत एनएसएस स्वयंसेवी प्रतिदिन स्वास्थ्य कर्मियों और चिकित्सकों के साथ मिलकर रोगियों तथा उनके तीमारदारों को सहयोग प्रदान कर रहे हैं। स्वयंसेवी मरीजों की पर्ची बनवाने, जांच कक्ष तक पहुंचाने, स्थानीय बोली में संवाद कर उन्हें मानसिक संबल देने और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का कार्य कर रहे हैं।

इस परियोजना को स्थानीय बोली के शब्द ‘सोंगी’, अर्थात साथी, से जोड़ा गया है ताकि हर मरीज यह महसूस कर सके कि स्वयंसेवी उनकी सेवा के लिए समर्पित साथी हैं। पिछले पंद्रह दिनों में स्वयंसेवियों ने अनेक मरीजों, बुजुर्गों और महिलाओं को सहयोग प्रदान किया है। सेवा के दौरान स्वयंसेवी प्राथमिक उपचार, जैविक अपशिष्ट प्रबंधन और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारियां भी सीख रहे हैं।

परियोजना सारथी की प्रेरणा PGIMER चंडीगढ़ में सफलतापूर्वक चल रही एनएसएस पहल से मिली है। इसी के आधार पर हिमाचल प्रदेश सरकार के निर्देशों के तहत उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सभी महाविद्यालयों में इस परियोजना को लागू करने के आदेश जारी किए थे। इसके पश्चात महाविद्यालय बंजार ने इसे स्थानीय स्वरूप में शुरू किया।

द्वितीय प्रयास ‘अनमोल’ के अंतर्गत परियोजना मार्गदर्शक (Traffic Awareness) को पुलिस प्रशासन बंजार के सहयोग से आरंभ किया गया है। इस पहल में एनएसएस स्वयंसेवी पुलिस जवानों के साथ मिलकर यातायात प्रबंधन में सहयोग कर रहे हैं। वे वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित यात्रा के लिए शुभकामना संदेश भी वितरित कर रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य मानव जीवन की रक्षा और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना है।

तीसरा प्रयास ‘संवेदना’ के अंतर्गत परियोजना धण (Animal Welfare) शुरू की गई है, जो बंजार क्षेत्र में बेसहारा पशुओं के संरक्षण, उपचार और आहार से जुड़ी है। उपमंडलीय पशु चिकित्सालय बंजार के सहयोग से स्वयंसेवी घायल पशुओं का उपचार कर रहे हैं और ठंड के मौसम में उन्हें भोजन उपलब्ध करा रहे हैं। बाजार से बची सब्जियों को एकत्र कर पशुओं को खिलाया जा रहा है।

इस परियोजना के शुभारंभ अवसर पर यह स्पष्ट किया गया कि बेसहारा पशुओं की देखभाल की वैधानिक जिम्मेदारी संबंधित पंचायतों, नगर पंचायतों और सड़क एजेंसियों की है। इस दिशा में प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया गया।

एनएसएस इकाई बंजार द्वारा शुरू किए गए ये तीनों प्रयास हिमाचल प्रदेश में अपनी तरह के अनूठे और प्रेरणादायक प्रयास हैं। ये न केवल बंजार क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाएंगे, बल्कि स्वयंसेवियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

#हिमाचल प्रदेश #ब्रेकिंग न्यूज़ #ताज़ा खबरें #भारत समाचार #भारतीय खबरें
अनुच्छेद
प्रायोजित
ट्रेंडिंग खबरें
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कैथू में राज्य सहकारी बैंक की नई शाखा का उद्घाटन किया राज्य सहकारी बैंक ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 2 करोड़ रुपये का योगदान दिया सोलन अस्पताल में मिलेगी नई हाईटेक अल्ट्रासाउंड सुविधा पद्धर-मंडी मार्ग बदहाल, घंटों जाम में फंसे लोग और वाहन हिमाचल में बदला मौसम का मिजाज, शिमला में ओले और रोहतांग पर खतरा बंजार अस्पताल से डॉक्टर हटाने पर भड़के विधायक, सड़क पर उतरे लोग चिंतपूर्णी पहुंची स्वामी हेमानंद की ऐतिहासिक पदयात्रा सोलन में बीपीएल सर्वे में 1567 परिवार चयनित, चौथा सर्वे शुरू