सुजानपुर होली उत्सव 2026 में वॉयस ऑफ हमीरपुर, फैशन शो और कई नई गतिविधियां आयोजित होंगी
सुजानपुर होली उत्सव 2026 में वॉयस ऑफ हमीरपुर, फैशन शो और कई नई गतिविधियां आयोजित होंगी

Author : Rajneesh Kapil Hamirpur

Feb. 19, 2026 12:09 p.m. 127

राष्ट्रीय स्तर होली उत्सव सुजानपुर-2026 को इस वर्ष पहले से अधिक आकर्षक, भव्य और रंगारंग बनाने की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं। उत्सव को नई पहचान देने और युवाओं, महिलाओं तथा स्थानीय कलाकारों को व्यापक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से इस बार कई नई सांस्कृतिक और मनोरंजक गतिविधियों को शामिल किया जा रहा है।

यह जानकारी एडीसी हमीरपुर एवं राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव सुजानपुर-2026 की सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष अभिषेक गर्ग ने दी। उन्होंने बताया कि उत्सव की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए बुधवार को सांस्कृतिक समिति के सदस्यों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा जिला के शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रमों की संरचना, प्रतिभागियों की भागीदारी और आयोजन की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

एडीसी ने बताया कि जिला हमीरपुर के प्रतिभाशाली युवा लोक कलाकारों और गायकों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर प्रदान करने के लिए इस वर्ष ‘वॉयस ऑफ हमीरपुर (आवाज-ए-हमीरपुर)’ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय गायकों को राष्ट्रीय स्तर के मंच तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 23 और 24 फरवरी को आयोजित होने वाले ऑडिशन के दौरान ही वॉयस ऑफ हमीरपुर प्रतियोगिता के प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। 16 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवा कलाकार इस प्रतियोगिता में भाग लेने के पात्र होंगे। चयन प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न की जाएगी। जिन प्रतिभागियों का चयन अगले चरण के लिए किया जाएगा, उन्हें उनके मोबाइल नंबर पर सूचना दी जाएगी।

प्रतियोगिता के विजेता को 50 हजार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा, जबकि उपविजेता को 31 हजार रुपये दिए जाएंगे। तीसरे स्थान पर रहने वाले गायक को 25 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा। इसके अतिरिक्त चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर होली उत्सव-2026 के मुख्य मंच पर प्रस्तुति देने का विशेष अवसर भी प्रदान किया जाएगा, जो उनके करियर के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

एडीसी अभिषेक गर्ग ने जिला के सभी प्रतिभाशाली युवाओं से इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह मंच न केवल प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर देगा, बल्कि युवा कलाकारों को पहचान और प्रोत्साहन भी प्रदान करेगा। प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला भाषा अधिकारी के मोबाइल नंबर 82196-24178 पर संपर्क किया जा सकता है।

उन्होंने आगे बताया कि इस वर्ष होली उत्सव को और अधिक रंगीन और जीवंत बनाने के लिए फैशन शो, फ्लैश मॉब, सामूहिक लोकनृत्य ‘झमाकड़ा’, चित्रकला प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी, महिलाओं की रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर और अन्य कई सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विभिन्न आयु वर्ग के लोगों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

विशेष रूप से महिलाओं और जिला के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। आयोजकों का लक्ष्य है कि होली उत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन न होकर सामाजिक सहभागिता, सामूहिक उत्साह और सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतीक बने।

एडीसी ने कहा कि प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन में आयोजित यह राष्ट्रीय स्तर का होली उत्सव सुजानपुर क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करेगा। स्थानीय कलाकारों, युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से यह उत्सव न केवल मनोरंजन का माध्यम बनेगा, बल्कि प्रतिभाओं को नई दिशा देने वाला मंच भी सिद्ध होगा।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस बार का होली उत्सव सुजानपुर-2026 पूर्व वर्षों की तुलना में अधिक भव्य, आकर्षक और यादगार रहेगा तथा जिला हमीरपुर की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएगा।

#हिमाचल प्रदेश #ताज़ा खबरें #भारत समाचार #भारतीय खबरें #त्योहार #हमीरपुर
अनुच्छेद
प्रायोजित
ट्रेंडिंग खबरें
साल 2026 का पहला चंद्र ग्रहण: प्रभाव, अवधि और धार्मिक नियमों की पूरी जानकारी सिरमौर हादसा कालाअंब-त्रिलोकपुर रोड पर दो लोगों की दर्दनाक मौत लाहुल में फागली उत्सव मनाया गया, लोक संस्कृति और आस्था की झलक शिमला में पुलिस का एक्शन, बार-बार नशा तस्करी करने वाला गिरफ्तार मैक्लोडगंज के होटल में जुआ खेलते 10 लोग पकड़े गए, 1.40 लाख रुपये और ताश की गड्डियां बरामद प्रेम कुमार धूमल ने देशराज शर्मा के घर पहुंचकर उनकी माताजी का हालचाल जाना सुजानपुर होली उत्सव 2026 में वॉयस ऑफ हमीरपुर, फैशन शो और कई नई गतिविधियां आयोजित होंगी हिमाचल के पारस डोगरा की कप्तानी में जम्मू-कश्मीर ने रचा इतिहास