आईएचएम हमीरपुर में नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत, नैंसी बनीं मिस फ्रेशर
आईएचएम हमीरपुर में नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत, नैंसी बनीं मिस फ्रेशर

Author : Rajneesh Kapil Hamirpur

Sept. 11, 2026 11:34 a.m. 119

हमीरपुर, 11 सितंबर। इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, कैटरिंग टेक्नोलॉजी एंड एप्लाइड न्यूट्रिशन हमीरपुर में नए विद्यार्थियों के स्वागत के लिए ‘अभ्युदय: दीक्षारंभ-2026’ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हमीरपुर के एडीसी एवं संस्थान के कार्यकारी प्रधानाचार्य अभिषेक गर्ग ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम में उत्साह और रंग भर दिया।

विद्यार्थियों को लक्ष्य तय कर आगे बढ़ने का संदेश

अभिषेक गर्ग ने नवागंतुक विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे समारोह नए और वरिष्ठ विद्यार्थियों के बीच संवाद, सहयोग और आपसी सौहार्द बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक और सांस्कृतिक परंपराओं से परिचित करवाना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और उसे हासिल करने के लिए अनुशासन, निरंतर मेहनत, सकारात्मक सोच और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को आईएचएम हमीरपुर में उपलब्ध शैक्षणिक और व्यावहारिक अवसरों का पूरा लाभ उठाना चाहिए तथा अपने व्यक्तित्व और पेशेवर कौशल को लगातार विकसित करने पर ध्यान देना चाहिए।

Read Also: पट्टा में नवनिर्वाचित पंचायत वार्ड सदस्यों का चार दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में व्यवहार और सेवाभाव भी जरूरी

एडीसी ने कहा कि आतिथ्य उद्योग केवल तकनीकी दक्षता तक सीमित नहीं है। इस क्षेत्र में प्रभावी संवाद, सकारात्मक व्यवहार, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और बेहतर सेवाभाव का भी विशेष महत्व है। उन्होंने वरिष्ठ विद्यार्थियों से अपील की कि वे नए विद्यार्थियों के मार्गदर्शक और सहयोगी बनें, ताकि नवागंतुक संस्थान के वातावरण में आसानी से घुल-मिल सकें।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम की शुरुआत में संस्थान के विभागाध्यक्ष पुनीत बंटा और लेखा एवं प्रशासनिक अधिकारी पीयूष ठाकुर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। निहारिका, श्वेतल, चांदनी, सुजल, अजय, सूरज, पूर्वांश सहित अन्य विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नाटी लोकनृत्य कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद विद्यार्थियों और शिक्षकों का खूब मनोरंजन किया।

नैंसी मिस फ्रेशर और नितिन मिस्टर फ्रेशर चुने गए

समारोह के दौरान नवागंतुक विद्यार्थियों के बीच विभिन्न गतिविधियों के बाद नैंसी को मिस फ्रेशर-2026 और नितिन ठाकुर को मिस्टर फ्रेशर-2026 चुना गया। इस उपलब्धि पर दोनों विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम के समापन पर विभागाध्यक्ष पुनीत बंटा ने मुख्य अतिथि, विद्यार्थियों, शिक्षकों और संस्थान के कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, रचनात्मकता और एक-दूसरे के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने में मदद करते हैं। उन्होंने नवागंतुक विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आईएचएम हमीरपुर केवल शिक्षा देने वाला संस्थान नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को ज्ञान, कौशल, संस्कार और आत्मविश्वास के साथ एक सफल एवं संवेदनशील आतिथ्य पेशेवर के रूप में तैयार करने वाला परिवार है।

#हिमाचल प्रदेश #ब्रेकिंग न्यूज़ #मनोरंजन #ताज़ा खबरें #हमीरपुर
अनुच्छेद
प्रायोजित
ट्रेंडिंग खबरें
1 सितंबर 1972 को कांगड़ा से अलग बना था हमीरपुर जिला, जानें इतिहास बिजली महादेव मंदिर में चला सफाई अभियान, 2 क्विंटल प्लास्टिक कचरा हटाया हिमाचल में बढ़े स्वाइन फ्लू के मामले, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज नेपाल में फंसे हिमाचलियों की जानकारी दें, प्रशासन ने जारी किए निर्देश मणिमहेश यात्रा के पहले दिन 253 श्रद्धालु हुए रवाना, 20 सितंबर तक चलेगी यात्रा हिमाचल में स्वाइन फ्लू की दस्तक, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज हथलौंण की बेटी शिल्पा सोनी का चयन, बंगाणा में बनेंगी रसायन प्रवक्ता हिमाचल में 4.0 तीव्रता का भूकंप, शिमला समेत 5 जिलों में झटके