हमीरपुर में अग्निवीर भर्ती रैली की तैयारियां पूरी, 4571 युवाओं का होगा ग्राउंड टेस्ट
हमीरपुर में अग्निवीर भर्ती रैली की तैयारियां पूरी, 4571 युवाओं का होगा ग्राउंड टेस्ट

Author : Rajneesh Kapil Hamirpur

Sept. 25, 2026 12:43 p.m. 129

हमीरपुर के अणु स्थित सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड और डिग्री कॉलेज परिसर में थल सेना की अग्निवीर भर्ती रैली के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भर्ती रैली 26 सितंबर से 6 अक्तूबर तक आयोजित होगी। इसमें संयुक्त प्रवेश परीक्षा पास कर चुके युवाओं के ग्राउंड टेस्ट, मेडिकल जांच और दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। एडीसी अभिषेक गर्ग ने शुक्रवार को एसडीएम संजीत सिंह, पुलिस अधिकारियों और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ भर्ती स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन और सेना के अधिकारियों के साथ रैली से जुड़े प्रबंधों की समीक्षा भी की।

4571 अभ्यर्थी होंगे भर्ती प्रक्रिया में शामिल

इस बार भर्ती रैली में हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके अलावा क्लर्क श्रेणी की भर्ती के लिए हिमाचल प्रदेश के अन्य जिलों के युवाओं की प्रक्रिया भी हमीरपुर में ही पूरी की जाएगी। प्रशासन के अनुसार कुल करीब 4571 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। हर दिन लगभग 550 युवाओं का ग्राउंड टेस्ट कराने का लक्ष्य रखा गया है। भर्ती प्रक्रिया को 4 अक्तूबर तक पूरा करने की योजना है। खराब मौसम की स्थिति में 5 और 6 अक्तूबर को रिजर्व दिन के तौर पर रखा गया है।

Read Also: हमीरपुर में विधायक आशीष शर्मा के खिलाफ एक और FIR, APMC चेयरमैन की शिकायत पर पुलिस जांच शुरू

बिजली-पानी से लेकर मेडिकल तक किए इंतजाम

रैली स्थल पर बिजली, पानी, शौचालय, सफाई, अग्निशमन, मेडिकल, इंटरनेट, कंप्यूटर और प्रिंटर जैसी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। दस्तावेजों के सत्यापन के लिए शिक्षा विभाग, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग, आईटीआई और अन्य शिक्षण संस्थानों के अधिकारी और कर्मचारी भी तैनात किए गए हैं। अभ्यर्थियों की एंट्री तड़के से शुरू होगी। उनके लिए बस सेवा की व्यवस्था भी की जाएगी। सुरक्षा को देखते हुए सेना और पुलिस की ओर से रैली स्थल के आसपास विशेष प्रबंध किए गए हैं। केवल पात्र अभ्यर्थियों, ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को ही मैदान में प्रवेश मिलेगा।

प्रदर्शन बढ़ाने वाली दवाओं पर भी नजर

भर्ती प्रक्रिया के दौरान शारीरिक क्षमता बढ़ाने वाली दवाइयों के इस्तेमाल की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से केमिस्ट दुकानों के संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं, भर्ती प्रक्रिया के लिए बाहर से आए सेना के करीब 200 अधिकारियों और सैनिकों के रहने की व्यवस्था भी की गई है।

अभ्यर्थी इन दस्तावेजों को साथ लेकर आएं

थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने अभ्यर्थियों से एडमिट कार्ड का अच्छी गुणवत्ता वाला रंगीन प्रिंट लेकर आने की अपील की है। प्रवेश के समय बार कोड स्कैनिंग होगी, इसलिए एडमिट कार्ड स्पष्ट होना जरूरी है। अभ्यर्थियों को वेबसाइट पर दिए गए निर्देशों को ध्यान से पढ़कर सभी जरूरी दस्तावेजों की मूल प्रतियां और सेल्फ-अटेस्टेड प्रतियां साथ लानी होंगी। इनमें एडमिट कार्ड, आधार कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, बोनाफाइड हिमाचली प्रमाण पत्र, जाति या डोगरा प्रमाण पत्र, धर्म और अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, अविवाहित प्रमाण पत्र, निर्धारित प्रारूप में शपथ पत्र, बैंक खाता, पैन कार्ड, एनसीसी और खेल प्रमाण पत्र आदि शामिल हैं। क्लर्क या एसकेटी श्रेणी के अभ्यर्थियों को ओ-लेवल प्रमाण पत्र भी साथ लाना होगा। इसके अलावा भर्ती निर्देशों के अनुसार आवश्यक अन्य प्रमाण पत्र और 20 पासपोर्ट साइज फोटो लेकर पहुंचना होगा।

#हिमाचल प्रदेश #ब्रेकिंग न्यूज़ #ताज़ा खबरें #हमीरपुर
अनुच्छेद
प्रायोजित
ट्रेंडिंग खबरें
मोनिका ठाकुर ने CSIR NET JRF में हासिल की ऑल इंडिया 65वीं रैंक, सराज का नाम किया रोशन 1 सितंबर 1972 को कांगड़ा से अलग बना था हमीरपुर जिला, जानें इतिहास बिजली महादेव मंदिर में चला सफाई अभियान, 2 क्विंटल प्लास्टिक कचरा हटाया हिमाचल में बढ़े स्वाइन फ्लू के मामले, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज नेपाल में फंसे हिमाचलियों की जानकारी दें, प्रशासन ने जारी किए निर्देश मणिमहेश यात्रा के पहले दिन 253 श्रद्धालु हुए रवाना, 20 सितंबर तक चलेगी यात्रा हिमाचल में स्वाइन फ्लू की दस्तक, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज हथलौंण की बेटी शिल्पा सोनी का चयन, बंगाणा में बनेंगी रसायन प्रवक्ता