हमीरपुर में नया कैंसर केयर सेंटर खुलेगा, मरीजों को बेहतर और आधुनिक इलाज मिलेगा
हमीरपुर में नया कैंसर केयर सेंटर खुलेगा, मरीजों को बेहतर और आधुनिक इलाज मिलेगा

Author : Rajneesh Kapil Hamirpur

Jan. 30, 2026 3:23 p.m. 139

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने घोषणा की है कि राज्य सरकार ने डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर में एक अत्याधुनिक कैंसर केयर सेंटर स्थापित करने का निर्णय लिया है। यह केंद्र राज्य में कैंसर रोगियों के लिए समर्पित एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे प्रदेश के मरीजों को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस कैंसर केयर सेंटर में कुल 11 नए विशेषज्ञ विभाग स्थापित किए जाएंगे, जो कैंसर रोगियों को समग्र और आधुनिक चिकित्सा सेवाएं प्रदान करेंगे। इनमें मेडिकल ऑन्कोलॉजी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, पेन पैलिएशन, न्यूक्लियर मेडिसिन, एनेस्थीसियोलॉजी और क्रिटिकल केयर, ऑन्को पैथोलॉजी, पीडियाट्रिक ऑन्कोलॉजी, रेडियोलॉजी इमेजिंग, गायने ऑन्कोलॉजी, स्टेम सेल और बोन मैरो ट्रांसप्लांटेशन तथा रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग शामिल होंगे। इन विभागों के माध्यम से कैंसर के हर प्रकार के मरीजों को विशेष और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य प्रणाली को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। कैंसर के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रदेश में एक मजबूत और संगठित उपचार प्रणाली की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस कैंसर केयर सेंटर की स्थापना से राज्य में कैंसर की रोकथाम, समय पर जांच, निगरानी और बेहतर उपचार की व्यवस्था विकसित होगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में कैंसर के मामलों में वृद्धि को ध्यान में रखते हुए प्रणालीगत स्क्रीनिंग, रोकथाम, निगरानी, रिकॉर्डिंग और समय पर जांच की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर उच्च स्तरीय कैंसर संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय विकसित किया जाएगा, ताकि मरीजों को शुरुआती स्तर पर ही सही इलाज मिल सके।

यह कैंसर केयर सेंटर कुल 264 बिस्तरों की क्षमता वाला होगा और विशेष रूप से कैंसर रोगियों के लिए समर्पित रहेगा। केंद्र में क्लिनिकल लैब, आउट पेशेंट डिपार्टमेंट (ओपीडी), फार्मेसी, इमरजेंसी वार्ड, न्यूक्लियर मेडिसिन ओपीडी और रजिस्ट्रेशन सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे मरीजों को एक ही परिसर में सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

कैंसर संस्थान के सुचारू और प्रभावी संचालन को सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार पर्याप्त और योग्य मेडिकल, पैरामेडिकल और सहायक कर्मचारियों की तैनाती करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मरीजों को बेहतर इलाज और देखभाल उपलब्ध करवाने के लिए मानव संसाधन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता संभालने के बाद राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था के कायाकल्प के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। एम्स दिल्ली की तर्ज पर प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में पुरानी मशीनरी और उपकरणों को हटाकर विश्वस्तरीय मशीनरी और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कैंसर की बढ़ती दर पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर-पूर्वी राज्यों के बाद हिमाचल प्रदेश में कैंसर की दर काफी अधिक है। ऐसे में एक उच्च स्तरीय कैंसर अस्पताल की स्थापना से प्रदेश के लोगों को सुलभ, समय पर और गुणवत्तापूर्ण कैंसर उपचार सुनिश्चित किया जा सकेगा।

#हिमाचल प्रदेश #ब्रेकिंग न्यूज़ #ताज़ा खबरें #भारत समाचार #भारतीय खबरें #स्वास्थ्य लाभ #हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य सेवाएं #हमीरपुर
अनुच्छेद
प्रायोजित
ट्रेंडिंग खबरें
चांजू नाला भूस्खलन से चंबा-तीसा मार्ग 12 घंटे रहा बंद सरकाघाट में आतंक मचाने वाला खूंखार तेंदुआ आखिरकार पकड़ा गया शाहपुर में सौर ऊर्जा परियोजना को मंजूरी, दो करोड़ से बनेगा प्लांट आय घटने से निगम पर बढ़ा आर्थिक दबाव चार करोड़ की कमी जाहू उपतहसील में फोटोस्टैट सेवाओं के लिए निविदाएं आमंत्रित कुठार में अवैध निर्माण पर टीसीपी विभाग की कार्रवाई नोटिस जारी कीमती धातुओं में जोरदार उछाल सोना-चांदी ने बनाया नया रिकॉर्ड पांगी घाटी में दिखा हिमालयन थार का दुर्लभ झुंड