आरएलए सोलन में बड़ा फर्जीवाड़ा यूपी के ट्रालों का फेक रजिस्ट्रेशन उजागर
आरएलए सोलन में बड़ा फर्जीवाड़ा यूपी के ट्रालों का फेक रजिस्ट्रेशन उजागर

Post by : Himachal Bureau

Jan. 31, 2026 3:19 p.m. 150

आरएलए सोलन में उत्तर प्रदेश के ट्रालों के पंजीकरण से जुड़े फर्जीवाड़े की जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। जांच में पाया गया कि शातिर तत्वों ने आरएलए कार्यालय के एक कर्मचारी की मिलीभगत से वाहन पोर्टल पर दो फर्जी आईडी तैयार कर इस घोटाले को अंजाम दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह फर्जीवाड़ा केवल तीन ट्रालों तक सीमित नहीं हो सकता, बल्कि बीते तीन महीनों में इसी तरह कई अन्य वाहनों का भी फर्जी पंजीकरण किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

जांच के दौरान पता चला कि वाहन पोर्टल के यूजर एडमिन सेक्शन में, जहां नियमानुसार आरएलए कम एसडीएम का मोबाइल नंबर दर्ज होना चाहिए था, वहां संबंधित कर्मचारी का नंबर पाया गया। 29 अक्तूबर 2025 को दो फर्जी आईडी बनाई गईं, जिनमें एक कर्मचारी के नाम पर और दूसरी आरएलए कम एसडीएम के नाम से तैयार की गई थी।

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब सोलन में फर्जी तरीके से पंजीकृत तीन ट्रालों को बिलासपुर जिले के आरएलए झंडूता ट्रांसफर कर दिया गया। वहां परमिट प्रक्रिया के दौरान बिलासपुर के एमवीआई ने सत्यापन के लिए सोलन एमवीआई से संपर्क किया। फिजिकल वैरिफिकेशन न होने की पुष्टि होते ही फर्जीवाड़ा सामने आ गया।

मामले के संज्ञान में आते ही एसडीएम सोलन डॉ. पूनम बंसल ने संबंधित कर्मचारी से ट्रालों की फाइलें तलब कीं। पहले टालमटोल के बाद कर्मचारी ने स्वीकार किया कि ये पंजीकरण विभागीय पोर्टल से नहीं, बल्कि फर्जी आईडी के माध्यम से किए गए थे। इसके बाद एसडीएम ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया।

एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। आरएलए कार्यालय से संबंधित रिकॉर्ड मंगवाया गया है और अब यह पता लगाया जा रहा है कि फर्जी आईडी के जरिए और कितने वाहनों का पंजीकरण किया गया है।

#हिमाचल प्रदेश #ब्रेकिंग न्यूज़ #ताज़ा खबरें #भारत समाचार #सोलन
अनुच्छेद
प्रायोजित
ट्रेंडिंग खबरें
चांजू नाला भूस्खलन से चंबा-तीसा मार्ग 12 घंटे रहा बंद सरकाघाट में आतंक मचाने वाला खूंखार तेंदुआ आखिरकार पकड़ा गया शाहपुर में सौर ऊर्जा परियोजना को मंजूरी, दो करोड़ से बनेगा प्लांट आय घटने से निगम पर बढ़ा आर्थिक दबाव चार करोड़ की कमी जाहू उपतहसील में फोटोस्टैट सेवाओं के लिए निविदाएं आमंत्रित कुठार में अवैध निर्माण पर टीसीपी विभाग की कार्रवाई नोटिस जारी कीमती धातुओं में जोरदार उछाल सोना-चांदी ने बनाया नया रिकॉर्ड पांगी घाटी में दिखा हिमालयन थार का दुर्लभ झुंड