शिमला की धरेच पंचायत बनी प्रदेश की पहली ग्रीन पंचायत, सौर ऊर्जा शुरू
शिमला की धरेच पंचायत बनी प्रदेश की पहली ग्रीन पंचायत, सौर ऊर्जा शुरू

Author : Rajneesh Kapil Hamirpur

April 27, 2026 4:19 p.m. 621

शिमला जिला के कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र की धरेच ग्राम पंचायत ने हिमाचल प्रदेश में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। यह पंचायत अब प्रदेश की पहली ग्रीन पंचायत बन गई है, जहां 500 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र सफलतापूर्वक शुरू कर दिया गया है। इस परियोजना का उद्घाटन मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अपने कसुम्पटी दौरे के दौरान किया।

करीब 1 करोड़ 94 लाख रुपये की लागत से तैयार इस सौर ऊर्जा परियोजना का निर्माण कार्य जनवरी 2025 में शुरू हुआ था। इसके बाद इसे 30 मार्च 2026 को राज्य विद्युत ग्रिड से जोड़ दिया गया। अब इस संयंत्र से प्रतिदिन लगभग 3000 यूनिट स्वच्छ बिजली का उत्पादन हो रहा है, जबकि सालाना उत्पादन करीब 8 लाख यूनिट तक पहुंचने का अनुमान लगाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना हिमाचल के लिए एक आदर्श मॉडल है, जो आने वाले समय में अन्य पंचायतों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को आत्मनिर्भर बनाना और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना है। इस योजना के तहत राज्य को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आर्थिक लाभ भी मिलेगा।

समझौते के अनुसार हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड इस बिजली को 3.50 रुपये प्रति यूनिट की दर से खरीदेगा। इससे पंचायत को हर साल लगभग 28 लाख रुपये की स्थायी आय प्राप्त होगी। यह आय गांव के विकास कार्यों में उपयोग की जाएगी। इस परियोजना से मिलने वाली राशि का वितरण भी तय किया गया है। इसमें 30 प्रतिशत राशि पंचायत विकास कार्यों के लिए, 20 प्रतिशत अनाथों और विधवाओं के कल्याण के लिए, 20 प्रतिशत राज्य सरकार को, 10 प्रतिशत हिम ऊर्जा को और 20 प्रतिशत संचालन व रख-रखाव के लिए निर्धारित किया गया है।

सरकार का मानना है कि यह परियोजना आने वाले 25 वर्षों तक काम करेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाएगी। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार, बेहतर सुविधाएं और स्थायी आय के नए अवसर मिलेंगे। यह ग्रीन पंचायत मॉडल न केवल ऊर्जा क्षेत्र में बदलाव लाएगा बल्कि हिमाचल को स्वच्छ ऊर्जा राज्य बनाने की दिशा में भी एक बड़ा कदम साबित होगा।

#शिमला #हिमाचल प्रदेश #ताज़ा खबरें #भारत समाचार #भारतीय खबरें
अनुच्छेद
प्रायोजित
ट्रेंडिंग खबरें
लगातार छठे दिन बंद रही माता वैष्णो देवी यात्रा, श्रद्धालुओं का इंतजार जारी हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, किन्नर कैलाश यात्रा जारी रखने के आदेश 26 जुलाई से शुरू होगा अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला, राज्यपाल करेंगे शुभारंभ हमीरपुर के समर्थ अत्री का एशियन आइस स्केटिंग ट्रॉफी में चयन दादा से पोती तक कायम रही निशानेबाजी की विरासत, प्रदेश का बढ़ाया मान पूर्व गृह मंत्रालय अधिकारी का बड़ा दावा, पाक क्रिकेट टीम पर लगे गंभीर आरोप राम मंदिर चढ़ावा मामले में आज आएगी SIT की फाइनल रिपोर्ट, हो सकते हैं बड़े खुलासे 15 जुलाई को जारी हुए पेट्रोल-डीजल के नए दाम, भरवाने से पहले देखें रेट