नागरिक अस्पताल बंजार से डॉक्टरों को भेजे जाने पर नाराज विधायक शौरी, अस्पताल के बाहर धरना
नागरिक अस्पताल बंजार से डॉक्टरों को भेजे जाने पर नाराज विधायक शौरी, अस्पताल के बाहर धरना

Author : Prem Sagar

Feb. 3, 2026 3:08 p.m. 2485

नागरिक अस्पताल बंजार से चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। बंजार विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुरेंद्र शौरी ने इस फैसले के खिलाफ कड़ा विरोध जताते हुए अस्पताल परिसर के बाहर धरना प्रदर्शन किया। इस धरने में उनके साथ पार्टी कार्यकर्ताओं के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल हुए और सरकार के निर्णय के खिलाफ आवाज बुलंद की।

धरना प्रदर्शन के दौरान विधायक शौरी ने कहा कि नागरिक अस्पताल बंजार पहले से ही संसाधनों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी से जूझ रहा है। ऐसे में यहां से चार चिकित्सकों को प्रतिनियुक्ति पर अन्य स्थानों पर भेजना जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित होंगी और आम लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख करना पड़ेगा।

गौरतलब है कि बंजार में नए अस्पताल भवन का निर्माण कार्य लंबे समय से बेहद धीमी गति से चल रहा है। इस मुद्दे को लेकर विधायक सुरेंद्र शौरी पहले भी कई बार सरकार और स्वास्थ्य विभाग को घेर चुके हैं। अब जब अस्पताल में तैनात विशेषज्ञ डॉक्टरों को एक-एक कर बाहर भेजा जा रहा है, तो इससे लोगों में भारी रोष है। बीते दिन एक और चिकित्सक के प्रतिनियुक्ति आदेश जारी होने के बाद कुल मिलाकर चार डॉक्टरों को बंजार अस्पताल से हटा दिया गया है।

विधायक शौरी ने आरोप लगाया कि सरकार लगातार बंजार क्षेत्र की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि जिस सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन का दावा किया था, वही सरकार आज मौजूदा स्वास्थ्य व्यवस्था को कमजोर कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र की जनता के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

धरने के दौरान विधायक ने स्वास्थ्य विभाग और प्रदेश सरकार से मांग की कि सभी चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति को तुरंत प्रभाव से रद्द किया जाए और बंजार अस्पताल में पर्याप्त संख्या में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द इस मामले में ठोस कदम नहीं उठाए, तो वे जनता के साथ मिलकर आंदोलन को और तेज करेंगे।

स्थानीय लोगों ने भी धरना प्रदर्शन में शामिल होकर विधायक का समर्थन किया और कहा कि अस्पताल से डॉक्टरों को हटाने का फैसला जनहित के खिलाफ है। लोगों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण बंजार के लोगों के लिए नजदीकी अस्पताल ही सबसे बड़ा सहारा है, और यदि यहां स्वास्थ्य सुविधाएं कमजोर हुईं तो आम जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ेगी।

नागरिक अस्पताल बंजार से चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। विधायक सुरेंद्र शौरी के नेतृत्व में शुरू हुआ यह विरोध प्रदर्शन आने वाले दिनों में और तेज हो सकता है, यदि सरकार ने समय रहते इस पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया।

#हिमाचल प्रदेश #ब्रेकिंग न्यूज़ #ताज़ा खबरें #भारत समाचार #भारतीय खबरें #कुल्लू
अनुच्छेद
प्रायोजित
ट्रेंडिंग खबरें
मोनिका ठाकुर ने CSIR NET JRF में हासिल की ऑल इंडिया 65वीं रैंक, सराज का नाम किया रोशन 1 सितंबर 1972 को कांगड़ा से अलग बना था हमीरपुर जिला, जानें इतिहास बिजली महादेव मंदिर में चला सफाई अभियान, 2 क्विंटल प्लास्टिक कचरा हटाया हिमाचल में बढ़े स्वाइन फ्लू के मामले, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज नेपाल में फंसे हिमाचलियों की जानकारी दें, प्रशासन ने जारी किए निर्देश मणिमहेश यात्रा के पहले दिन 253 श्रद्धालु हुए रवाना, 20 सितंबर तक चलेगी यात्रा हिमाचल में स्वाइन फ्लू की दस्तक, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज हथलौंण की बेटी शिल्पा सोनी का चयन, बंगाणा में बनेंगी रसायन प्रवक्ता