पालमपुर विधायक आशीष बुटेल ने पढ़ियारखर पंचायत में विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया
पालमपुर विधायक आशीष बुटेल ने पढ़ियारखर पंचायत में विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया

Author : Rajesh Vyas

Jan. 31, 2026 10:21 a.m. 188

पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आशीष बुटेल ने क्षेत्रीय विकास को नई गति देते हुए ग्राम पंचायत पढ़ियारखर में करीब 41 लाख रुपए की लागत से किए गए विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों की बड़ी संख्या मौजूद रही और क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला।

विधायक आशीष बुटेल ने ग्राम पंचायत पढ़ियारखर के अंतर्गत भदरैणा गांव में 32.5 लाख रुपए की लागत से निर्मित स्वास्थ्य उपकेंद्र के नए भवन का विधिवत लोकार्पण किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि इस स्वास्थ्य उपकेंद्र के भवन के तैयार होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने जानकारी दी कि यहां लोगों की सुविधा के लिए कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर का पद भी स्वीकृत करवाया गया है, जिससे प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी।

इसके अलावा विधायक ने 3.5 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित महिला मंडल भदरैणा के भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और महिला मंडलों को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दौरे के दौरान महिला मंडल को भवन निर्माण के लिए धनराशि प्रदान की गई थी, जो अब पूर्ण होकर जनता को समर्पित कर दी गई है।

इसी कड़ी में विधायक आशीष बुटेल ने 5 लाख रुपए की लागत से बनने वाले पंचायत सामुदायिक भवन के अपबर्धन यानी मीटिंग हॉल का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि इस भवन के बनने से पंचायत स्तर पर बैठकों, सामाजिक कार्यक्रमों और जनहित से जुड़े कार्यों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि इस क्षेत्र की लगभग पांच पंचायतों में सड़कों का जाल बिछाया गया है, जिससे लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिली है। उन्होंने बताया कि कई सड़क परियोजनाओं का निर्माण कार्य प्रगति पर है और शेष कार्यों को भी जल्द पूरा करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं।

जनसभा के दौरान विधायक आशीष बुटेल ने क्षेत्र की तीन महिला मंडलों को 15-15 हजार रुपए की सहायता राशि देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि महिला मंडल सामाजिक विकास की रीढ़ हैं और इन्हें आर्थिक रूप से मजबूत करना बेहद जरूरी है।

इससे पहले विधायक ने ग्राम पंचायत चंदरौपा का दौरा किया, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं। अधिकतर समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

लोगों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि पालमपुर विधानसभा क्षेत्र का समग्र और संतुलित विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से वे लगातार पंचायत स्तर पर जाकर लोगों से सीधा संवाद कर रहे हैं और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं।

उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि लगभग 9 करोड़ रुपए की लागत से गोरठ-बदेहड़ सड़क का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। साथ ही उन्होंने स्थानीय सड़क मार्गों के शेष बचे कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी संबंधित विभाग को दिए।

विधायक ने कहा कि क्षेत्र में पानी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए व्यापक कदम उठाए गए हैं। इसके साथ ही विद्युत आपूर्ति को मजबूत बनाने के लिए ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई गई है, ताकि लोगों को बिजली से जुड़ी किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

स्थानीय लोगों की मांग पर विधायक आशीष बुटेल ने भद्रघाट के निर्माण के लिए 2.5 लाख रुपए की धनराशि देने की भी घोषणा की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की हर जरूरी मांग को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।

इस कार्यक्रम में वूल फेडरेशन के निदेशक मंडल सदस्य त्रिलोक चंद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डॉ. विवेक करोल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग विनीत शर्मा, सहायक अभियंता सार्थक सूद, सहायक अभियंता जल शक्ति विभाग जितेश, सहायक अभियंता विद्युत विभाग मोहित, पंचायत निरीक्षक ध्रुव सिंह भूरिया सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

#हिमाचल प्रदेश #ताज़ा खबरें #भारत समाचार #भारतीय खबरें #कांगड़ा समाचार
अनुच्छेद
प्रायोजित
ट्रेंडिंग खबरें
चांजू नाला भूस्खलन से चंबा-तीसा मार्ग 12 घंटे रहा बंद सरकाघाट में आतंक मचाने वाला खूंखार तेंदुआ आखिरकार पकड़ा गया शाहपुर में सौर ऊर्जा परियोजना को मंजूरी, दो करोड़ से बनेगा प्लांट आय घटने से निगम पर बढ़ा आर्थिक दबाव चार करोड़ की कमी जाहू उपतहसील में फोटोस्टैट सेवाओं के लिए निविदाएं आमंत्रित कुठार में अवैध निर्माण पर टीसीपी विभाग की कार्रवाई नोटिस जारी कीमती धातुओं में जोरदार उछाल सोना-चांदी ने बनाया नया रिकॉर्ड पांगी घाटी में दिखा हिमालयन थार का दुर्लभ झुंड