हिमाचल में मौसम का कहर, बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित
हिमाचल में मौसम का कहर, बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित

Post by : Himachal Bureau

June 5, 2026 10:36 a.m. 806

हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग के अलर्ट के बीच वीरवार को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली। दिनभर कई इलाकों में तेज अंधड़, ओलावृष्टि और मूसलाधार बारिश देखने को मिली, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया।

राजधानी शिमला समेत कई क्षेत्रों में भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों जैसे रोहतांग दर्रा, लाहौल-स्पीति घाटी और धौलाधार की चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ है। दोपहर के समय अचानक बदले मौसम के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।शिमला, सोलन, कांगड़ा, कुल्लू, चंबा और मंडी जिलों में तेज बारिश और अंधड़ का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला।

कांगड़ा जिले के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं भी चलीं, जिससे पेड़-पौधों और खेतों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। शिमला में एक घंटे के भीतर लगभग 33 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिसके कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। भारी बारिश के चलते रामचंद्रा चौक-रिच माउंट सड़क पर भूस्खलन हुआ, जिससे यातायात बाधित हो गया। वहीं मशोबरा क्षेत्र में कुछ जगह ओलावृष्टि भी हुई।

कुल्लू-मनाली, बंजार, भुंतर और मणिकर्ण में भी जोरदार बारिश देखने को मिली। वहीं रोहतांग दर्रा में शाम के समय बर्फबारी शुरू हो गई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बारालाचा, कुंजम, शिंकुला और धौलाधार की ऊंची चोटियों पर भी बर्फबारी हुई है। कांगड़ा के पालमपुर और धर्मशाला क्षेत्रों में अंधड़ चलने से लोग सहम गए। किसानों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है, खासकर उन इलाकों में जहां मक्की की बुआई के लिए बारिश का इंतजार किया जा रहा था।

हालांकि दूसरी ओर ऊना जिले में दिनभर गर्म हवाओं का असर बना रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। बढ़ते तापमान ने कृषि कार्यों को भी प्रभावित किया है और किसानों को अधिक सिंचाई करनी पड़ रही है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के चार जिलों शिमला, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में शुक्रवार को भारी बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि प्रदेश में 6 जून तक मौसम खराब बना रह सकता है और कई क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

#मौसम अपडेट #हिमाचल प्रदेश #ब्रेकिंग न्यूज़ #ताज़ा खबरें #भारत समाचार #भारतीय खबरें
अनुच्छेद
प्रायोजित
ट्रेंडिंग खबरें
लगातार छठे दिन बंद रही माता वैष्णो देवी यात्रा, श्रद्धालुओं का इंतजार जारी हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, किन्नर कैलाश यात्रा जारी रखने के आदेश 26 जुलाई से शुरू होगा अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला, राज्यपाल करेंगे शुभारंभ हमीरपुर के समर्थ अत्री का एशियन आइस स्केटिंग ट्रॉफी में चयन दादा से पोती तक कायम रही निशानेबाजी की विरासत, प्रदेश का बढ़ाया मान पूर्व गृह मंत्रालय अधिकारी का बड़ा दावा, पाक क्रिकेट टीम पर लगे गंभीर आरोप राम मंदिर चढ़ावा मामले में आज आएगी SIT की फाइनल रिपोर्ट, हो सकते हैं बड़े खुलासे 15 जुलाई को जारी हुए पेट्रोल-डीजल के नए दाम, भरवाने से पहले देखें रेट