बद्दी थाने में जमकर नारेबाजी, ब्लॉगर को बुलाने पर भड़के लोग
बद्दी थाने में जमकर नारेबाजी, ब्लॉगर को बुलाने पर भड़के लोग

Author : Satish Kumar

Sept. 7, 2026 6:20 p.m. 139

बद्दी, 7 सितंबर। बद्दी के निकट कालुझिंडा गांव के ब्लॉगर विशु राणा को पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए थाने बुलाए जाने के बाद दून क्षेत्र की राजनीति गरमा गई। सोमवार को उनके समर्थन में सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और आम आदमी पार्टी के नेताओं समेत बड़ी संख्या में लोग बद्दी थाने पहुंचे और पुलिस प्रशासन, सरकार तथा दून विधायक के खिलाफ नारेबाजी की।

सोशल मीडिया पर नोटिस साझा कर समर्थकों से थाने पहुंचने की अपील

बताया गया कि बद्दी पुलिस ने रविवार शाम ब्लॉगर विशु राणा को नोटिस भेजकर सोमवार सुबह 10 बजे थाने में उपस्थित होने के निर्देश दिए थे। विशु राणा लंबे समय से सोशल मीडिया के माध्यम से दून विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और अव्यवस्थाओं को उठाते रहे हैं। पुलिस का नोटिस मिलने के बाद विशु राणा ने इसे सोशल मीडिया पर साझा किया और अपने सहयोगियों व समर्थकों से दोपहर तीन बजे बद्दी थाने पहुंचने का आह्वान किया। इसके बाद भाजपा दून मंडल, आम आदमी पार्टी के नेताओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों और अन्य समर्थकों ने मोतिया प्लाजा में एकत्र होकर नारेबाजी की और वहां से बद्दी थाने पहुंचे। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण थाने के बाहर माहौल तनावपूर्ण हो गया।

Read Also: पुबोवाल तालाब बनेगा शानदार पिकनिक स्पॉट, डीसी ने दिए निर्देश

भाजपा नेताओं ने लगाए आवाज दबाने के आरोप

प्रदर्शन के दौरान दून के पूर्व विधायक परमजीत सिंह पम्मी, जिला भाजपा उपाध्यक्ष गुरमेल चौधरी, किसान मोर्चा के विधी चंद राणा और जिला परिषद सदस्य राजकुमार राजू ने सरकार और दून विधायक पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दून विधानसभा क्षेत्र में जो भी युवा स्थानीय मुद्दों को उठाता है, उसके खिलाफ दबाव बनाने के लिए पुलिस कार्रवाई का सहारा लिया जाता है। भाजपा नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में लोगों को अपनी बात रखने और क्षेत्र की समस्याओं को उठाने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि अब इस तरह की कार्रवाई का विरोध किया जाएगा और आम लोगों की आवाज को दबाने नहीं दिया जाएगा।

आप ने भी कार्रवाई को बताया अलोकतांत्रिक

आम आदमी पार्टी के जिला प्रवक्ता संजू धीमान ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी बात रखने और सवाल उठाने का अधिकार है। उन्होंने युवाओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जाने को गलत और अलोकतांत्रिक बताया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने रखने वालों पर कार्रवाई करने के बजाय उनकी बात सुनी जानी चाहिए।

वकील ने शिकायत और पूछताछ का बताया पूरा मामला

विशु राणा के वकील एवं जिला भाजपा प्रवक्ता अधिवक्ता डॉ. संदीप कुमार सचदेवा ने बताया कि 29 अगस्त को ब्लॉक अध्यक्ष कुलतार सिंह मैहता की ओर से शिकायत दी गई थी। शिकायत में 'सत्यमेव जयते' नाम के सोशल मीडिया पेज से दून विधायक और उनकी पत्नी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने का उल्लेख था। डॉ. सचदेवा के अनुसार, इसी शिकायत के संदर्भ में पुलिस ने विशु राणा को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। उन्होंने कहा कि विशु राणा ने पुलिस के समक्ष अपने बयान दर्ज करवाए और कानून का सम्मान किया।

विशु राणा ने सोशल मीडिया पेज से संबंध से किया इनकार

विशु राणा ने कहा कि संबंधित शिकायत से उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने दावा किया कि वह 'सत्यमेव जयते' नाम की फेसबुक आईडी के संचालक को भी नहीं जानते हैं। मामले को लेकर बद्दी क्षेत्र में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। वहीं, पुलिस की ओर से मामले की जांच और शिकायत से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

#शिमला #हिमाचल प्रदेश #ब्रेकिंग न्यूज़ #ताज़ा खबरें #बद्दी
अनुच्छेद
प्रायोजित
ट्रेंडिंग खबरें
1 सितंबर 1972 को कांगड़ा से अलग बना था हमीरपुर जिला, जानें इतिहास बिजली महादेव मंदिर में चला सफाई अभियान, 2 क्विंटल प्लास्टिक कचरा हटाया हिमाचल में बढ़े स्वाइन फ्लू के मामले, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज नेपाल में फंसे हिमाचलियों की जानकारी दें, प्रशासन ने जारी किए निर्देश मणिमहेश यात्रा के पहले दिन 253 श्रद्धालु हुए रवाना, 20 सितंबर तक चलेगी यात्रा हिमाचल में स्वाइन फ्लू की दस्तक, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज हथलौंण की बेटी शिल्पा सोनी का चयन, बंगाणा में बनेंगी रसायन प्रवक्ता हिमाचल में 4.0 तीव्रता का भूकंप, शिमला समेत 5 जिलों में झटके