आईपीएल मुकाबले से पहले धर्मशाला में मुंबई और पंजाब टीमों का अभ्यास शुरू
आईपीएल मुकाबले से पहले धर्मशाला में मुंबई और पंजाब टीमों का अभ्यास शुरू

Post by : Himachal Bureau

May 13, 2026 12:45 p.m. 1818

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में आईपीएल मुकाबलों का रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है। पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में जीत दर्ज करने के बाद दिल्ली कैपिटल्स की टीम मंगलवार को धर्मशाला से दिल्ली के लिए रवाना हो गई। वहीं आगामी मुकाबले के लिए मुंबई इंडियंस की टीम धर्मशाला पहुंच चुकी है। दोनों टीमों की गतिविधियों को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में भारी उत्साह देखने को मिला।

जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे दिल्ली कैपिटल्स की टीम गग्गल हवाई अड्डे पर पहुंची और वहां से विशेष विमान के जरिए दिल्ली रवाना हो गई। इसके कुछ ही समय बाद करीब दो बजे मुंबई इंडियंस की टीम विशेष विमान से गग्गल एयरपोर्ट पहुंची। खिलाड़ियों के धर्मशाला पहुंचते ही एयरपोर्ट परिसर में मौजूद प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग सुबह से ही एयरपोर्ट के बाहर इंतजार करते रहे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच खिलाड़ियों को बसों के माध्यम से मैक्लोडगंज स्थित होटल तक पहुंचाया गया। इस दौरान खिलाड़ियों ने भी हाथ हिलाकर अपने प्रशंसकों का अभिवादन किया। खासकर युवा प्रशंसकों में खिलाड़ियों के साथ तस्वीरें लेने और उन्हें करीब से देखने को लेकर काफी उत्साह नजर आया।

14 मई को धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच महत्वपूर्ण मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच पंजाब टीम के लिए बेहद अहम माना जा रहा है क्योंकि टीम प्लेऑफ की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। दूसरी ओर मुंबई इंडियंस भले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी हो, लेकिन टीम सम्मान बचाने और जीत के साथ सीजन समाप्त करने की कोशिश करेगी।

मंगलवार शाम दोनों टीमों ने धर्मशाला स्टेडियम में अभ्यास सत्र भी किया। पंजाब टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर, प्रभसिमरन सिंह, अर्शदीप सिंह और हरप्रीत बराड़ समेत कई खिलाड़ियों ने नेट अभ्यास में हिस्सा लिया। वहीं मुंबई टीम के खिलाड़ियों ने भी मैदान में वार्मअप और फिटनेस अभ्यास किया।

करीब तीन घंटे तक चले इस अभ्यास सत्र में खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग पर विशेष ध्यान दिया। धर्मशाला के सुहावने मौसम के बीच खिलाड़ियों ने जमकर पसीना बहाया। अब क्रिकेट प्रेमियों की नजरें आगामी आईपीएल मुकाबला पर टिकी हैं, जिसमें दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।

#ब्रेकिंग न्यूज़ #खेल समाचार #ताज़ा खबरें #भारत समाचार #भारतीय खबरें
अनुच्छेद
प्रायोजित
ट्रेंडिंग खबरें
मोनिका ठाकुर ने CSIR NET JRF में हासिल की ऑल इंडिया 65वीं रैंक, सराज का नाम किया रोशन 1 सितंबर 1972 को कांगड़ा से अलग बना था हमीरपुर जिला, जानें इतिहास बिजली महादेव मंदिर में चला सफाई अभियान, 2 क्विंटल प्लास्टिक कचरा हटाया हिमाचल में बढ़े स्वाइन फ्लू के मामले, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज नेपाल में फंसे हिमाचलियों की जानकारी दें, प्रशासन ने जारी किए निर्देश मणिमहेश यात्रा के पहले दिन 253 श्रद्धालु हुए रवाना, 20 सितंबर तक चलेगी यात्रा हिमाचल में स्वाइन फ्लू की दस्तक, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज हथलौंण की बेटी शिल्पा सोनी का चयन, बंगाणा में बनेंगी रसायन प्रवक्ता