हिमाचल में बिगड़ेगा मौसम आंधी-तूफान और बारिश का यलो अलर्ट जारी
हिमाचल में बिगड़ेगा मौसम आंधी-तूफान और बारिश का यलो अलर्ट जारी

Post by : Himachal Bureau

Jan. 31, 2026 10:22 a.m. 303

हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के एक बार फिर सक्रिय होने से मौसम ने दोबारा करवट ले ली है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार शुक्रवार रात से लेकर तीन फरवरी तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक एक फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है। इस दौरान ऊंचाई वाले इलाकों जैसे कुल्लू, चंबा, लाहुल-स्पीति और किन्नौर जिलों में बर्फबारी होने की संभावना है, जबकि मध्यम और मैदानी जिलों में बारिश दर्ज की जा सकती है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक फरवरी को प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। इसे देखते हुए हिमाचल प्रदेश के सभी 12 जिलों में आंधी-तूफान का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

बीते एक सप्ताह के दौरान प्रदेश में मौसम ने रिकॉर्ड तोड़ बदलाव दिखाया है। इस अवधि में सामान्य से 270 प्रतिशत अधिक बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 22 से 29 जनवरी के बीच जहां सामान्य तौर पर 25.1 मिलीमीटर बारिश होती है, वहीं इस बार 94.9 मिलीमीटर बारिश और बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है।

सबसे अधिक वर्षा ऊना जिले में दर्ज की गई है, जहां सामान्य से 741 प्रतिशत अधिक बारिश हुई। इसके अलावा हमीरपुर में 567 प्रतिशत, सिरमौर में 460 प्रतिशत, सोलन में 437 प्रतिशत, कुल्लू में 396 प्रतिशत, बिलासपुर में 376 प्रतिशत, कांगड़ा में 364 प्रतिशत, लाहुल-स्पीति में 331 प्रतिशत, मंडी में 303 प्रतिशत और शिमला में 274 प्रतिशत अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है। वहीं चंबा जिले में सामान्य से 112 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज हुई है।

प्रदेश के जनजातीय और ऊंचाई वाले इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। लाहुल-स्पीति जिले के ताबो में –10.2 डिग्री सेल्सियस और कुकुमसेरी में –9.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।

भरमौर में –4.0 डिग्री, कल्पा में –2.4 डिग्री, मनाली में –0.2 डिग्री और सराहन में –0.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ है। वहीं शिमला में 5.2 डिग्री, कुफरी में 3.8 डिग्री, धर्मशाला में 4.4 डिग्री और कसौली में 7.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है, जिससे प्रदेश में ठंड का असर और बढ़ गया है।

#मौसम अपडेट #शिमला #हिमाचल प्रदेश #ताज़ा खबरें #चंबा #हमीरपुर #किन्नौर #सोलन #ऊना #बिलासपुर #मंडी
अनुच्छेद
प्रायोजित
ट्रेंडिंग खबरें
रोहड़ू में वृद्धावस्था पेंशन में फर्जीवाड़ा, कम उम्र के लोग उठा रहे लाभ हिमाचल में नशा तस्करों पर कार्रवाई, सोलन-बद्दी में तीन आरोपी गिरफ्तार अंब गांव में शादी से पहले युवती गायब, परिजनों के आरोपों से मामला हुआ गंभीर हिमाचल के कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि से फसलें खराब, तापमान में तेज गिरावट दर्ज सड़क पार करते समय हादसा, पिकअप की टक्कर से बच्ची की जान गई आईपीएल में गर्लफ्रेंड कल्चर पर बीसीसीआई लाएगा नए नियम हिमाचल में मौसम का बदला मिजाज, बर्फबारी और तेज हवाओं से परेशानी अनुराग ठाकुर बोले: विधानसभा जीत जनता के विश्वास की जीत