पांगी में घर लौट रहे व्यक्ति का पैर फिसला, गहरी खाई में गिरने से गई जान
पांगी में घर लौट रहे व्यक्ति का पैर फिसला, गहरी खाई में गिरने से गई जान

Post by : Himachal Bureau

May 18, 2026 1:32 p.m. 1428

जनजातीय क्षेत्र पांगी के साच पंचायत अंतर्गत घिसल गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। यहां एक व्यक्ति की गहरी ढांक में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 52 वर्षीय गिरधारी लाल पुत्र कर्म दास निवासी गांव घिसल, डाकघर साच, तहसील पांगी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार गिरधारी लाल शनिवार शाम अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि जब वह बदरूड़ ढांक के पास पहुंचे तो अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह गहरी खाई में जा गिरे। क्षेत्र बेहद दुर्गम होने के कारण उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

देर रात तक जब गिरधारी लाल घर नहीं पहुंचे तो परिजनों की चिंता बढ़ने लगी। परिवार के लोगों ने आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद गांव के लोग उनकी तलाश में निकल पड़े। रात के अंधेरे और कठिन रास्तों के कारण खोज अभियान में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने टॉर्च और अन्य साधनों की मदद से देर रात तक खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

रविवार सुबह एक बार फिर ग्रामीणों और परिजनों ने तलाश अभियान शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद करीब 11 बजे गिरधारी लाल का शव गहरी खाई में दिखाई दिया। इसके बाद लोगों ने बड़ी मुश्किल से शव को बाहर निकाला और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस थाना पांगी के प्रभारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को नागरिक अस्पताल किलाड़ पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जानकारी जुटाई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में कई रास्ते बेहद खतरनाक हैं और बरसात या अंधेरे के समय दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और लोग परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।

#हिमाचल प्रदेश #ब्रेकिंग न्यूज़ #ताज़ा खबरें #भारत समाचार #भारतीय खबरें #चंबा
अनुच्छेद
प्रायोजित
ट्रेंडिंग खबरें
1 सितंबर 1972 को कांगड़ा से अलग बना था हमीरपुर जिला, जानें इतिहास बिजली महादेव मंदिर में चला सफाई अभियान, 2 क्विंटल प्लास्टिक कचरा हटाया हिमाचल में बढ़े स्वाइन फ्लू के मामले, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज नेपाल में फंसे हिमाचलियों की जानकारी दें, प्रशासन ने जारी किए निर्देश मणिमहेश यात्रा के पहले दिन 253 श्रद्धालु हुए रवाना, 20 सितंबर तक चलेगी यात्रा हिमाचल में स्वाइन फ्लू की दस्तक, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज हथलौंण की बेटी शिल्पा सोनी का चयन, बंगाणा में बनेंगी रसायन प्रवक्ता हिमाचल में 4.0 तीव्रता का भूकंप, शिमला समेत 5 जिलों में झटके