हाब्बन में शहीद भीम सिंह ठाकुर और हितेश शर्मा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई
हाब्बन में शहीद भीम सिंह ठाकुर और हितेश शर्मा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई

Author : Gopal Dutt Sharma

June 11, 2026 5:23 p.m. 2273

सिरमौर जिले के हाब्बन क्षेत्र में गुरुवार को शहीदों के सम्मान में एक भावनात्मक और देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कारगिल युद्ध के दौरान 11 जून 2000 को देश की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए लांस नायक भीम सिंह ठाकुर तथा वर्ष 2002 में देश सेवा के दौरान शहीद हुए हितेश शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का आयोजन हाब्बन स्थित शहीदी पार्क में किया गया, जहां सुबह से ही ग्रामीणों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और शहीदों के परिजनों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी।

पूरा वातावरण देशभक्ति और भावनाओं से भर गया था। कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों की स्मृति में किए गए हवन-यज्ञ से हुई, जिसमें शहीदों के परिजनों सहित स्थानीय लोगों ने आहुति देकर अमर वीरों को नमन किया। इसके बाद श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर पझोता स्वतंत्रता सेनानी समाज कल्याण समिति हाब्बन के अध्यक्ष जय प्रकाश चौहान ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सैनिकों का ऋण पूरा देश कभी नहीं चुका सकता। उन्होंने कहा कि शहीद भीम सिंह ठाकुर और हितेश शर्मा जैसे वीर सपूत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।

उन्होंने आगे कहा कि युवाओं को शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। शहीदों की स्मृतियों को संजोकर रखना समाज का नैतिक दायित्व है। कार्यक्रम के दौरान शहीद भीम सिंह ठाकुर के बड़े भाई ओम सिंह ठाकुर, उनकी धर्मपत्नी चम्पा ठाकुर तथा अन्य परिजन भावुक हो उठे। वहीं शहीद हितेश शर्मा के भाई राजेश शर्मा ने भी अपने भाई को नम आंखों से श्रद्धांजलि दी। पूरे कार्यक्रम के दौरान कई लोग भावुक हो गए और माहौल गमगीन हो गया।

इस अवसर पर पूर्व जिला परिषद सदस्य शकुंतला प्रकाश, कांग्रेस नेता राजेन्द्र हाब्बी, वीरेंद्र हाब्बी, समाजसेवी कमलेश हाब्बी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। साथ ही विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर शहीदों को नमन किया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव योगदान देने का संकल्प लिया। शहीदों के आदर्शों पर चलने की शपथ के साथ कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से किया गया।

#हिमाचल प्रदेश #ब्रेकिंग न्यूज़ #ताज़ा खबरें #भारत समाचार #भारतीय खबरें #सिरमौर
अनुच्छेद
प्रायोजित
ट्रेंडिंग खबरें
मंडी के भरगांव के डॉ. आशीष ठाकुर बने न्यूरोसर्जन, क्षेत्र में खुशी मां के संघर्ष ने बेटी को दिलाई सफलता, वैष्वी का एम्स पटना में चयन हमीरपुर में आज करवा चौथ की धूम, चांद के दीदार का रहेगा इंतजार राजेश धर्माणी ने युवाओं से इनोवेशन और रिसर्च पर ध्यान देने की अपील की शाहपुर में श्रीमद्भागवत कथा के दौरान कृष्ण लीलाओं ने मोहा मन अनुराग ठाकुर का जन्मदिन: समीरपुर से संसद और बीसीसीआई तक का सफर पालमपुर में स्कूली छात्रों को पोषण और आधुनिक खेती का प्रशिक्षण मिलेगा सिरमौर के 8 खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दिखाएंगे दमखम