अटल टनल मार्ग आंशिक रूप से बहाल, सिर्फ 4x4 वाहनों को अनुमति
अटल टनल मार्ग आंशिक रूप से बहाल, सिर्फ 4x4 वाहनों को अनुमति

Post by : Himachal Bureau

Feb. 7, 2026 1:32 p.m. 2907

मनाली आने वाले देशी और विदेशी पर्यटकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। सीमा सड़क संगठन (BRO) ने एनएच-003 पर मनाली से केलांग के बीच सड़क मार्ग बहाल कर दिया है। हालांकि, अभी इस मार्ग को सामान्य वाहनों के लिए नहीं खोला गया है और केवल फोर बाय फोर (4x4) वाहनों को ही अटल टनल की ओर जाने की अनुमति दी जा रही है। प्रशासन सुबह धूप निकलने के बाद ही इन वाहनों को आगे भेज रहा है।

हाल ही में भारी बर्फबारी के कारण यह मार्ग बंद हो गया था, जिससे पर्यटक सोलंगनाला से आगे नहीं जा पा रहे थे। कड़ी मेहनत के बाद BRO ने सड़क को बहाल किया, लेकिन शुरुआत में यह मार्ग केवल आपातकालीन स्थिति में स्थानीय लोगों के लिए ही खोला गया था। अब प्रशासन ने पर्यटकों को भी 4x4 वाहनों के जरिए अटल टनल तक जाने की अनुमति दे दी है।

शुक्रवार को करीब 100 फोर बाय फोर वाहन अटल टनल रोहतांग से आर-पार हुए। इनमें कुछ पर्यटक लाहुल पहुंचे और वहां की बर्फीली वादियों का आनंद लेने के बाद वापस मनाली लौट आए। वहीं, कुछ स्थानीय लोग भी इस मार्ग से आवाजाही करते नजर आए। टनल के उस पार भारी बर्फबारी के कारण पार्किंग की सुविधा सीमित है, इसलिए वाहनों की संख्या नियंत्रित रखी जा रही है।

सड़क पर जमी ब्लैक आइस के कारण वाहनों के फिसलने का खतरा भी बना हुआ है। इसी वजह से प्रशासन ने फिलहाल सामान्य वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा रखी है। डीएसपी मनाली केडी शर्मा के अनुसार, सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केवल 4x4 वाहनों को ही अनुमति दी जा रही है।

पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि सोलंगनाला में हर रोज पर्यटकों की भीड़ बढ़ रही है और वीकेंड पर संख्या और बढ़ने की संभावना है। पर्यटक बर्फबारी का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में यहां पहुंच रहे हैं।

वहीं, पार्वती घाटी में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी शुरू किए जा रहे हैं। वर्ष 2026 में करीब 200 बेरोजगार युवक-युवतियों को प्रशिक्षण देकर ट्रैकिंग और पर्यटन से जोड़ा जाएगा। इसके लिए 18 पंचायतों से इच्छुक उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा और ऊंचाई वाले ट्रैक रूटों पर कार्य करने के लिए प्रतिदिन लगभग 2000 रुपये तक वेतन दिया जाएगा।

#मौसम अपडेट #हिमाचल प्रदेश #ब्रेकिंग न्यूज़ #ताज़ा खबरें #यात्रा समाचार #सफर की खबरें
अनुच्छेद
प्रायोजित
ट्रेंडिंग खबरें
हिमाचल की नन्ही कलाकार आशवी को राष्ट्रीय सम्मान, प्रदेश का नाम रोशन सिरमौर में 24 वर्षीय प्रधान का फैसला, शादी में फिजूलखर्ची पर 51 हजार जुर्माना मोनिका ठाकुर ने CSIR NET JRF में हासिल की ऑल इंडिया 65वीं रैंक, सराज का नाम किया रोशन 1 सितंबर 1972 को कांगड़ा से अलग बना था हमीरपुर जिला, जानें इतिहास बिजली महादेव मंदिर में चला सफाई अभियान, 2 क्विंटल प्लास्टिक कचरा हटाया हिमाचल में बढ़े स्वाइन फ्लू के मामले, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज नेपाल में फंसे हिमाचलियों की जानकारी दें, प्रशासन ने जारी किए निर्देश मणिमहेश यात्रा के पहले दिन 253 श्रद्धालु हुए रवाना, 20 सितंबर तक चलेगी यात्रा