हमीरपुर में स्कूल मान्यता आवेदन अब केवल ऑनलाइन होंगे
हमीरपुर में स्कूल मान्यता आवेदन अब केवल ऑनलाइन होंगे

Author : Rajneesh Kapil Hamirpur

Feb. 11, 2026 12:03 p.m. 2534

जिला हमीरपुर में निजी स्कूलों की मान्यता से संबंधित आवेदन अब केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कमल किशोर भारती ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए निजी स्कूलों की मान्यता के नवीनीकरण तथा वर्ष 2026-31 तक नई मान्यता के आवेदन निर्धारित वेबसाइट पर ही किए जा सकेंगे।

उन्होंने बताया कि सभी निजी विद्यालय 15 मार्च 2026 तक वेबसाइट emerginghimachal.hp.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 और निशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम 2011 के तहत किसी भी स्कूल का ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उपनिदेशक ने बताया कि प्री-प्राइमरी से पांचवीं कक्षा तक संचालित विद्यालय अपने आवेदन निर्धारित शुल्क के साथ संबंधित खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी (बीईईओ) को ऑनलाइन भेजेंगे। वहीं पहली से आठवीं तथा छठी से आठवीं तक की कक्षाओं वाले विद्यालय अपने आवेदन प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय को ऑनलाइन प्रेषित करेंगे।

उन्होंने कहा कि यदि ऑनलाइन आवेदन में कोई त्रुटि पाई जाती है तो उसे सुधार के लिए विद्यालय को वापस भेजा जाएगा। त्रुटियों को ठीक करने के बाद विद्यालय पुनः आवेदन ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। सही पाए गए आवेदनों को ऑनलाइन ही मान्यता पत्र और नवीनीकरण प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सत्र 2026-27 में केवल वही विद्यालय विद्यार्थियों को प्रवेश दे सकेंगे, जिनके पास विभाग द्वारा जारी मान्यता प्रमाण पत्र होगा। बिना मान्यता के संचालित होने वाले विद्यालयों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मान्यता शुल्क के संबंध में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि प्री-प्राइमरी से पांचवीं तथा स्कूल को स्तरोन्नत कर छठी से आठवीं तक नई मान्यता लेने के लिए 5,000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। पहली से आठवीं तक नई मान्यता प्राप्त करने के लिए 10,000 रुपये शुल्क देना होगा, जबकि पहली से आठवीं तक मान्यता नवीनीकरण शुल्क 500 रुपये प्रति वर्ष तय किया गया है।

#हिमाचल प्रदेश #ब्रेकिंग न्यूज़ #ताज़ा खबरें #हमीरपुर
अनुच्छेद
प्रायोजित
ट्रेंडिंग खबरें
बिजली महादेव मंदिर में चला सफाई अभियान, 2 क्विंटल प्लास्टिक कचरा हटाया हिमाचल में बढ़े स्वाइन फ्लू के मामले, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज नेपाल में फंसे हिमाचलियों की जानकारी दें, प्रशासन ने जारी किए निर्देश मणिमहेश यात्रा के पहले दिन 253 श्रद्धालु हुए रवाना, 20 सितंबर तक चलेगी यात्रा हिमाचल में स्वाइन फ्लू की दस्तक, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज हथलौंण की बेटी शिल्पा सोनी का चयन, बंगाणा में बनेंगी रसायन प्रवक्ता हिमाचल में 4.0 तीव्रता का भूकंप, शिमला समेत 5 जिलों में झटके बाजार से गायब हुई ओल्ड मॉन्क, खाद्य सुरक्षा कार्रवाई से सैनिक मायूस