पर्यटकों से फिर गुलजार होने लगा मनाली, बढ़ी रौनक
पर्यटकों से फिर गुलजार होने लगा मनाली, बढ़ी रौनक

Post by : Himachal Bureau

Sept. 7, 2026 3:28 p.m. 134

मनाली: विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी मनाली में एक बार फिर पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने लगी है। पिछले कुछ दिनों से पर्यटन गतिविधियों में आई सुस्ती के बाद अब बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। पर्यटकों के पहुंचने से मनाली शहर की रौनक भी लौटने लगी है और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को आने वाले दिनों में बेहतर सीजन की उम्मीद है।

15 सितंबर के बाद शुरू होंगी साहसिक गतिविधियां

बारिश के मौसम में नदी में बाढ़ और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने 15 जुलाई से 15 सितंबर तक साहसिक गतिविधियों पर रोक लगाई है। प्रतिबंध हटने के बाद मनाली में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। हालांकि, प्रतिबंध के बावजूद इन दिनों कुल्लू-मनाली पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या में इजाफा दर्ज किया जा रहा है। बाहरी राज्यों से आए पर्यटक सुहावने मौसम का आनंद लेने के साथ-साथ अटल टनल, सिस्सू, जिस्पा और केलांग जैसे पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे हैं।

अटल टनल और सिस्सू पहुंच रहे पर्यटक

मनाली पहुंचने वाले पर्यटक आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में घूमने का आनंद ले रहे हैं। अटल टनल के रास्ते सिस्सू, जिस्पा और केलांग जाने वाले पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी है। मौसम सुहावना होने के कारण इन पर्यटन स्थलों पर भी पर्यटकों की अच्छी आवाजाही देखने को मिल रही है।

वोल्वो बस सेवा शुरू होने से कारोबार को उम्मीद

बरसात के दौरान भूस्खलन के खतरे को देखते हुए जिला के वोल्वो बस ऑपरेटरों ने मनाली से दिल्ली, चंडीगढ़ सहित कई रूटों पर बस सेवाएं बंद कर रखी हैं। इन रूटों पर बस सेवाएं दोबारा शुरू होने के बाद मनाली पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी की उम्मीद है। पर्यटन कारोबारियों को उम्मीद है कि परिवहन सेवाएं सामान्य होने और साहसिक गतिविधियों पर लगा प्रतिबंध हटने के बाद मनाली में पर्यटन गतिविधियां पूरी तरह रफ्तार पकड़ लेंगी।

अक्टूबर में पैराग्लाइडिंग प्री वर्ल्ड कप का रोमांच

मनाली में अक्टूबर में होने वाली अंतरराष्ट्रीय स्तर की पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता पर्यटन को नई गति दे सकती है। 5 से 8 अक्टूबर तक मनाली में पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी प्री वर्ल्ड कप आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता में देश-विदेश के महिला और पुरुष पायलट हिस्सा लेंगे। पायलट करीब 10 हजार फीट की ऊंचाई से उड़ान भरकर लगभग 8 हजार फीट की ऊंचाई पर बनाए गए लक्ष्य पर सटीक लैंडिंग का प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा मनाली की पहाड़ियों में पैराग्लाइडिंग के दौरान रोमांचक करतब भी देखने को मिलेंगे। प्रतियोगिता में भारतीय वायुसेना और भारतीय सेना की टीमें भी अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगी।

पर्यटन कारोबार को रफ्तार मिलने की उम्मीद

साहसिक गतिविधियों पर प्रतिबंध हटने, वोल्वो बस सेवाओं की बहाली और अक्टूबर में होने वाली अंतरराष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता से मनाली के पर्यटन कारोबार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ होटल, टैक्सी, रेस्तरां और अन्य पर्यटन गतिविधियों से जुड़े कारोबार को भी फायदा मिल सकता है।

#हिमाचल प्रदेश #ब्रेकिंग न्यूज़ #ताज़ा खबरें #यात्रा समाचार #सफर की खबरें #कुल्लू
अनुच्छेद
प्रायोजित
ट्रेंडिंग खबरें
1 सितंबर 1972 को कांगड़ा से अलग बना था हमीरपुर जिला, जानें इतिहास बिजली महादेव मंदिर में चला सफाई अभियान, 2 क्विंटल प्लास्टिक कचरा हटाया हिमाचल में बढ़े स्वाइन फ्लू के मामले, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज नेपाल में फंसे हिमाचलियों की जानकारी दें, प्रशासन ने जारी किए निर्देश मणिमहेश यात्रा के पहले दिन 253 श्रद्धालु हुए रवाना, 20 सितंबर तक चलेगी यात्रा हिमाचल में स्वाइन फ्लू की दस्तक, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज हथलौंण की बेटी शिल्पा सोनी का चयन, बंगाणा में बनेंगी रसायन प्रवक्ता हिमाचल में 4.0 तीव्रता का भूकंप, शिमला समेत 5 जिलों में झटके