हमीरपुर में जिला स्तरीय अंडर-19 एथलेटिक्स प्रतियोगिता शुरू, खिलाड़ियों को जीत-हार का संदेश
हमीरपुर में जिला स्तरीय अंडर-19 एथलेटिक्स प्रतियोगिता शुरू, खिलाड़ियों को जीत-हार का संदेश

Author : Rajneesh Kapil Hamirpur

Oct. 6, 2026 3:40 p.m. 120

राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर में मंगलवार को छात्र-छात्राओं की जिला स्तरीय अंडर-19 एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और खिलाड़ियों को मेहनत, अनुशासन तथा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

जीत के लिए मेहनत करें, हार से न घबराएं

सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि खेलों और आम जीवन में जीत-हार का सिलसिला चलता रहता है। कभी सफलता मिलती है तो कभी असफलता का सामना करना पड़ता है। उन्होंने खिलाड़ियों और विद्यार्थियों से कहा कि उन्हें हमेशा जीत का जज्बा रखते हुए लगातार मेहनत करनी चाहिए, लेकिन अगर किसी प्रतियोगिता में हार मिल जाए तो उससे घबराने के बजाय अपनी कमियों को सुधारते हुए आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष करने की क्षमता विकसित करते हैं। इसलिए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।

खेल सुविधाओं को लेकर सरकार के फैसलों का किया जिक्र

सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश में खेलों के लिए ढांचागत विकास और खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में कई निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने स्कूली खिलाड़ियों की डाइट मनी में वृद्धि की है। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए रेलवे की उच्च श्रेणी में यात्रा और आवश्यकता पड़ने पर हवाई यात्रा की सुविधा का प्रावधान किया गया है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि भी दी जा रही है।

Read Also: सिरमौर में 19.44 ग्राम चिट्टा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

हमीरपुर में को-एजुकेशनल स्कूल के लिए जताया आभार

मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार ने पूर्ववर्ती गर्ल्स स्कूल हमीरपुर की जगह हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के तहत को-एजुकेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रावधान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इससे हमीरपुर शहर में विद्यार्थियों को सीबीएसई या एचपी बोर्ड के माध्यम से शिक्षा प्राप्त करने के विकल्प उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से स्थानीय स्तर पर व्यापारियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

उद्घाटन समारोह में मेजबान स्कूल की प्रधानाचार्य पूनम चौहान और एडीपीईओ राजेंद्र शर्मा ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों, टीम प्रभारियों और प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी भी साझा की। इस दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह में एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश चौधरी, राजेश आनंद, राकेश रानी, पुरुषोत्तम कालिया, आरसी डोगरा, शहनशाह, जिला बाल कल्याण समिति सदस्य अश्वनी लंबरदार, आरकेएस सदस्य मनोज शर्मा, डॉ. शशि शर्मा, शशि मोहम्मद, राकेश शर्मा, निशांत शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

#हिमाचल प्रदेश #ब्रेकिंग न्यूज़ #खेल समाचार #ताज़ा खबरें #हमीरपुर
अनुच्छेद
प्रायोजित
ट्रेंडिंग खबरें
हिमाचल की नन्ही कलाकार आशवी को राष्ट्रीय सम्मान, प्रदेश का नाम रोशन सिरमौर में 24 वर्षीय प्रधान का फैसला, शादी में फिजूलखर्ची पर 51 हजार जुर्माना मोनिका ठाकुर ने CSIR NET JRF में हासिल की ऑल इंडिया 65वीं रैंक, सराज का नाम किया रोशन 1 सितंबर 1972 को कांगड़ा से अलग बना था हमीरपुर जिला, जानें इतिहास बिजली महादेव मंदिर में चला सफाई अभियान, 2 क्विंटल प्लास्टिक कचरा हटाया हिमाचल में बढ़े स्वाइन फ्लू के मामले, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज नेपाल में फंसे हिमाचलियों की जानकारी दें, प्रशासन ने जारी किए निर्देश मणिमहेश यात्रा के पहले दिन 253 श्रद्धालु हुए रवाना, 20 सितंबर तक चलेगी यात्रा